Share
देहरादून 15 सितम्बर, 2018(सू.ब्यूरो)-मा.न्यायालय के निर्देशों के क्रम में देहरादून शहर में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण, नगर निगम देहरादून एवं जिला प्रशासन देहरादून द्वारा जन सामान्य हेतु बनाये गये फुटपाथों, गलियों, सड़कों एवं अन्य स्थलों पर किये गये अनधिकृत निर्माणों एवं अवैध अतिक्रमणों में ध्वस्तीकरण, चिन्हांकन व सीलिंग का कार्य निरन्तर किया जा रहा है।
अपर मुख्य सचिव ओमप्रकाश ने बताया कि देहरादून शहर से अतिक्रमण हटाने का कार्य बदस्तूर जारी है। उन्होंने अतिक्रमण हटाओ टास्क फार्स को निर्देश दिये है कि मुख्य मार्गों के बाद शहर की गलियों में भी अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि देहरादून शहर को पूर्ण रूप से अतिक्रमण मुक्त किया जायेगा। श्री ओमप्रकाश ने टास्क फोर्स के अधिकारियों को निर्देश दिये कि अतिक्रमण हटाने के दौरान जिन लोगों के भवनों का ध्वस्तीकरण किया जा रहा है, ऐसे लोगों की बातों को सुनते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही नियमानुसार सम्पादित करें। श्री ओमप्रकाश ने कहा है कि यदि किसी व्यक्ति को ऐसा लगता है कि उनके भवनों पर अतिक्रमण हटाने के निशान नियमानुसार नही लगाये गये है, तो ऐसे लोग टास्क फोर्स की न्यायिक समिति में तथ्यों के आधार पर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते है। उन्होंने कहा कि न्यायिक समिति द्वारा उनकी शिकायत का परीक्षण किया जायेगा।
श्री ओमप्रकाश ने बताया कि टास्क फोर्स द्वारा देहरादून शहर में जिन स्थानों में अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही सम्पादित की जा चुकी है। उन स्थानों पर टास्क फोर्स द्वारा री-सर्वे का कार्य भी सम्पादित किया जायेगा। श्री ओमप्रकाश ने बताया कि कतिपय लोगों द्वारा शिकायत की जा रही है कि अतिक्रमणकारियों द्वारा पुनः अतिक्रमण किया जा रहा है व चिन्हांकन के निशान भी मिटाये जा रहे है। श्री ओमप्रकाशन ने कहा कि टास्क फोर्स द्वारा लोगों की शिकायत पर ऐसे स्थानों पर भी री-सर्वे का कार्य किया जायेगा। यदि अतिक्रमणकारियों द्वारा अतिक्रमण पुनः किया गया मिलता है, तो ऐसे अतिक्रमणों को उसी वक्त हटाया जायेगा व जिन लोगों द्वारा निशानों को मिटाया गया है, ऐसे लोगों के विरूद्ध भी टास्क फोर्स द्वारा नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी।
सचिव एमडीडीए श्री पी.सी.दुमका ने बताया कि आज शनिवार को अतिक्रमण हटाओ टास्क फोर्स की चारो(04) जोन की टीमों द्वारा प्रेमनगर से अब तक लगभग 90 प्रतिशत अवैध अतिक्रमणों को हटाया जा चुका है, शेष अतिक्रमणों को हटाने का कार्य बदस्तूर जारी है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *