Share

देहरादून 16 अगस्त, 2018-राज्यपाल डॉ कृष्णकांत पाल ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। अपने शोक संदेश में राज्यपाल ने कहा कि श्री वाजपेयी के निधन से भारत वर्ष के इतिहास में एक महान युग का अंत हो गया है । उनके नेतृत्व में भारत वर्ष ने अपनी नयी पहचान बनाई और देश ने २१ वीं शताब्दी में मज़बूती से क़दम आगे बढ़ाया। उन्होंने भारत को परमाणु शक्ति सम्पन्न देश के रूप में स्थापित किया। भारत को एक बड़ी आर्थिक, वैज्ञानिक और सामरिक शक्ति के रूप में पहचान दिलायी। वे एक महान जन नायक , सर्वोत्तम श्रेणी के प्रशासक , महान कवि एवं साहित्यकार और कलाप्रेमी थे। प्रतिष्ठित सार्वजनिक मंचों पर हिंदी भाषा को प्रोत्साहित करने में उनका महत्वपूर्ण योगदान था। वे प्रखर वक़्ता थे जो अपने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर देते थे। स्वर्गीय वाजपेयी ने सांसद के रूप में युवावस्था से ही अपनी विशिष्ट पहचान बनाई थी और भारत के सभी प्रधानमंत्री उनसे प्रभावित रहे। अटल जी अंतराष्ट्रीय समुदाय में भी बेहद लोकप्रिय राजनेता थे। डॉ पाल ने कहा कि स्वर्गीय बाजपेयी सदैव भारत वर्ष के इतिहास में एक दैदीप्यमान नक्षत्र के रूप में प्रकाशमान रहेंगे। प्रत्येक भारतवासी अपने इस प्रिय नेता को श्रद्धासुमन अर्पित करता है।
राज्यपाल ने दिवंगत की आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है ।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *