सरकारी दफ्तर में ‘साहब’ का शाही बर्थडे, हाथी पर एंट्री और नोटों जैसे केक का वीडियो वायरल; नोटिस जारी

14
Share

एजेंसी न्यूज
उज्जैन। मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के वल्लभनगर जोन के सहायक यंत्री का जन्मदिन शाही अंदाज में मनाए जाने का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में विभाग के कर्मचारी और सहायक यंत्री के चाहने वाले उन्हें हाथी पर बैठाकर ढोल-नगाड़ों के साथ कार्यालय में प्रवेश कराते नजर आ रहे हैं। इसके बाद कार्यालय के बाहर डांस किया गया और 500-500 रुपये के नोटों की गड्डियों जैसी डिजाइन वाले केक को काटकर जन्मदिन का जश्न मनाया गया।
पूरा मामला मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के वल्लभनगर जोन से जुड़ा है। यहां के सहायक यंत्री रविकांत मालवीय का जन्मदिन बीते सप्ताह मनाया गया। आमतौर पर रविवार को शासकीय कार्यालयों में अवकाश रहता है, लेकिन इस आयोजन में बड़ी संख्या में कर्मचारी और सहायक यंत्री के परिचित शामिल हुए। सभी ने शाही अंदाज में सहायक यंत्री रविकांत मालवीय का जन्मदिन धूमधाम से मनाया।
सरकारी कार्यालय में जन्मदिन मनाना अपने आप में कोई अपराध नहीं है, लेकिन इस आयोजन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया। वायरल वीडियो में कार्यालय के बाहर के साथ ही कार्यालय परिसर के अंदर भी सहायक यंत्री को जन्मदिन की बधाई दी जा रही है। इस दौरान राष्ट्रीय मुद्रा की तस्वीरों वाली डिजाइन का केक काटे जाने का दृश्य भी सामने आया है। मामले को लेकर मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण यंत्री वी.के. मालवीय से बातचीत की गई। उनका कहना है कि विभाग में इस तरह जन्मदिन मनाना गलत है। सहायक यंत्री रविकांत मालवीय को नोटिस जारी किया गया है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो।
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो को लेकर जब वल्लभनगर जोन के सहायक यंत्री रविकांत मालवीय से बातचीत की गई तो उनका कहना था कि यह वीडियो रविवार का नहीं, बल्कि शनिवार का है और उनका जन्मदिन इसी दिन मनाया गया था। हालांकि, सूत्रों का दावा है कि यह पूरा आयोजन रविवार को किया गया था। बताया जा रहा है कि सहायक यंत्री को हाथी पर बैठाने के लिए अंकपात मार्ग स्थित अखाड़े से हाथी बुलाया गया था। एजेंसी
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे सहायक यंत्री रविकांत मालवीय के जन्मदिन से जुड़े फोटो को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। एक फोटो में तस्वीर खींचे जाने के समय के साथ तारीख दर्ज होने का दावा किया जा रहा है। इसके आधार पर आयोजन रविवार, 23 अगस्त को होने की बात कही जा रही है। इस मामले में सहायक यंत्री द्वारा शनिवार को जन्मदिन मनाए जाने के दावे और वायरल फोटो की तारीख को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। ऐसे में मामले से जुड़े तथ्यों की पुष्टि विभागीय जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।