नैनीताल। शहर की पहचान मानी जाने वाली मॉल रोड को ध्वनि प्रदूषण मुक्त बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने निगरानी व्यवस्था और सख्त कर दी है। नो हॉर्न जोन में अब हॉर्न बजाने वालों पर नजर रखने के लिए पांच सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए हैं। इन कैमरों के माध्यम से मॉल रोड पर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की निगरानी की जाएगी।
डीएम ललित मोहन रयाल के निर्देश पर एक अगस्त से मॉल रोड को नो हॉर्न जोन घोषित किया गया है। नियम लागू होने के बाद पुलिस पहले चरण में लोगों को जागरूक कर रही है, वहीं अब तकनीकी निगरानी भी शुरू कर दी गई है। पुलिस ने तल्लीताल टोल चुंगी, मॉलरोड में इंडिया होटल और सूचना विभाग के समीप रैंप, मल्लीताल में एसबीआई तिराहा और मस्जिद तिराहे पर पांच सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए हैं। जो वीडियो के साथ ऑडियो भी रिकार्ड करेंगे। इन कैमरों के जरिए नो हॉर्न जोन में यातायात गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
एसपी यातायात एवं अपराध डॉ. जगदीश चन्द्र ने बताया कि मॉल रोड पर अनावश्यक हॉर्न बजाने से ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है, जिससे स्थानीय लोगों, पर्यटकों, बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों को परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि लोगों को पहले जागरूक किया जा रहा है, लेकिन नियमों की अनदेखी करने वालों पर कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और नैनीताल की शांत एवं सौम्य पहचान को बनाए रखना है। पुलिस ने सभी वाहन चालकों से मॉल रोड पर हॉर्न का प्रयोग न करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।











