महावृक्षारोपण अभियान के तहत यूपी में 35 करोड़ पेड़ लगाने का लक्ष्य रखा गया

13
Share

महावृक्षारोपण अभियान के तहत यूपी में 35 करोड़ पेड़ लगाने का लक्ष्य रखा गया है। सीएम योगी ने आज इस अभियान की शुरुआत की है। पर्यावरण के हित में ये एक बड़ा कदम है।यूपी में आज (12 जुलाई) महावृक्षारोपण 2026 अभियान की शुरुआत हुई है। इस अभियान के तहत पूरे राज्य में 35 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। अभियान की थीम एक पेड़ मां के नाम रखी गई है। CM योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में एक पेड़ मां के नाम वृक्षारोपण अभियान के तहत पौधारोपण किया। सीएम योगी ने आज अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर कहा, “वृक्षारोपण ईश्वरीय कार्य है। यह सृष्टि की सेवा, मानवता की उपासना और भविष्य की सुरक्षा का संकल्प है। इसी पावन भावना के साथ आज शिवावतारी महायोगी गुरु श्री गोरखनाथ जी की तपोभूमि गोरखपुर से ‘एक पेड़ मां के नाम’ वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का शुभारंभ होगा।”सीएम योगी ने कहा, “26 राजकीय विभागों के समन्वित प्रयासों से एक ही दिन में 35 करोड़ पौधारोपण का यह ऐतिहासिक अभियान पवित्र त्रिवेणी के रोपण, विकास वाटिका की स्थापना, किसानों को कार्बन क्रेडिट प्रमाण-पत्र वितरण तथा मौलश्री के पौधरोपण जैसे आयोजनों के माध्यम से प्रकृति संरक्षण को जनभागीदारी का विराट उत्सव बनाएगा। आइए, ‘एक पेड़ मां के नाम’ लगाकर हरित, समृद्ध और विकसित उत्तर प्रदेश के इस ‘जन-महायज्ञ’ का हिस्सा बनें।”सीएम योगी ने प्रकृति के महत्व को समझाते हुए एक्स पर पोस्ट किया और कहा, “प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का उत्सव… पौधरोपण महायज्ञ। भारतीय संस्कृति में प्रकृति का संरक्षण केवल पर्यावरणीय दायित्व नहीं, बल्कि कृतज्ञता का भाव है। हम पृथ्वी को माता, नदियों को जीवनदायिनी और वृक्षों को प्राणवायु का आधार मानते हैं।”सीएम योगी ने कहा, “यही कारण है कि वृक्षारोपण हमारे लिए औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उस प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर है, जिसने हमें जीवन, अन्न, जल और ऊर्जा प्रदान की है। 12 जुलाई का वृक्षारोपण महायज्ञ इसी कृतज्ञता का विराट उत्सव है।”सीएम योगी ने 11 जुलाई को क्या बताया था?सीएम योगी ने अपने एक्स हैंडल पर 11 जुलाई को पोस्ट कर बताया था, “शिवावतारी महायोगी गुरु श्री गोरखनाथ जी की तपोस्थली गोरखपुर से प्रदेशव्यापी ‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ का शुभारंभ होगा। 35 करोड़ पौधारोपण के लक्ष्य का यह हरित महायज्ञ प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, आने वाली पीढ़ियों के प्रति उत्तरदायित्व और ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प का जनोत्सव है।”सीएम योगी ने कहा, “पीएम मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ आह्वान को जीवन का संस्कार बनाते हुए कम-से-कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसके संरक्षण का संकल्प लें। पौधा लगाना सृजन है, उसका संरक्षण संस्कृति है। आपके द्वारा रोपा गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए छाया, प्राणवायु और जीवन का आधार बनेगा। आइए, इस हरित महायज्ञ को अपनी भागीदारी से जनआंदोलन बनाएं और हरित, समृद्ध एवं विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण में सहभागी बनें।”इससे पहले महाराष्ट्र के एक IAS अधिकारी भी चर्चा में आए थे, जब उन्होंने अपनी मां की अस्थियों को पानी में विसर्जित करने के बजाय वृक्षारोपण किया था। उनका ये कदम वृक्षारोपण के महत्व को दर्शाता है।