यूट्यूबर की हत्या कर भाग रहे आरोपियों की कार पलटने से घटना के मुख्य आरोपी की भी मौत हो गई

11
Share

यूट्यूबर की हत्या कर भाग रहे आरोपियों की कार पलटने से घटना के मुख्य आरोपी की भी मौत हो गई। अन्य आरोपी भी बुरी तरह घायल है। झारखंड के रांची निवासी यूट्यूबर शिवधन लोहार की ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में कथित तौर पर लूटपाट के दौरान हत्या कर दी गई। इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि वारदात के बाद मृतक की कार लेकर भाग रहा मुख्य आरोपी सड़क हादसे का शिकार हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।शिवधन लोहार अपने दोस्त अनमोल मलिक के साथ सुंदरगढ़ के सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक रिश्तेदार को भर्ती कराने आए थे। सोमवार देर रात दोनों अलग-अलग वाहनों से रांची लौट रहे थे। अनमोल मलिक स्कॉर्पियो एसयूवी में आगे चल रहे थे, जबकि शिवधन लोहार अपनी ऑल्टो कार से उनके पीछे आ रहे थे।
इसी दौरान तीन बदमाशों ने पहले अनमोल मलिक की स्कॉर्पियो को रोकने की कोशिश की। लेकिन अनमोल ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ाकर वहां से निकलने में कामयाबी हासिल कर ली। इसके बाद आरोपियों ने शिवधन लोहार की ऑल्टो कार को रोक लिया और उनका अपहरण कर लिया।इसके बाद आरोपी शिवधन को करीब 80 किलोमीटर दूर हेमगिरि थाना क्षेत्र के डुड़का इलाके में ले गए। वहां उनसे लूटपाट करने की कोशिश की गई। इसी दौरान बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर शिवधन की हत्या कर दी। हत्या के बाद उनका शव रेलवे ओवरब्रिज के पास फेंक दिया गया।वारदात के बाद आरोपी शिवधन की ऑल्टो कार, मोबाइल फोन और मनी पर्स लेकर झारसुगुड़ा की ओर भाग निकले, लेकिन भस्मा के पास तेज रफ्तार के कारण कार अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई। सड़क से उतरने के बाद कार पलट गई। इस हादसे में मुख्य आरोपी शुभेंदु की मौके पर ही मौत हो गई।इस मामले का एक अन्य आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया है और उसका इलाज सुंदरगढ़ के सरकारी में चल रहा है। वहीं, इस वारदात में शामिल एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है।घटना की सूचना मिलते ही सुंदरगढ़ की पुलिस अधीक्षक अमृतपाल कौर, सब-डिविजनल पुलिस अधिकारी और वैज्ञानिक जांच टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।सुंदरगढ़ की एसपी अमृतपाल कौर ने कहा, “प्रारंभिक जांच से यह सामने आया है कि हत्या के पीछे लूटपाट की मंशा थी। आरोपियों का उद्देश्य कार लूटना था। लूटपाट के दौरान शिवधन लोहार के साथ उनका विवाद हो गया, जिसके बाद उन्होंने उनकी हत्या कर दी। शिकायतकर्ता अनमोल मलिक स्कॉर्पियो वाहन में आगे चल रहे थे, जबकि शिवधन लोहार ऑल्टो कार से उनके पीछे आ रहे थे। दोनों सुंदरगढ़ के सरकारी अस्पताल से लौट रहे थे। इसी दौरान तीन आरोपियों ने दोनों वाहनों को लूटने की कोशिश की। अनमोल मलिक अपनी गाड़ी की रफ्तार बढ़ाकर वहां से निकलने में सफल रहे, लेकिन आरोपियों ने ऑल्टो कार को रोक लिया। लूटपाट की कोशिश के दौरान विवाद हुआ, जिसके बाद उन्होंने शिवधन लोहार की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को फेंक दिया और लूटी गई कार लेकर फरार हो गए। भागने के दौरान उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें एक आरोपी की मौत हो गई।”प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृत मुख्य आरोपी शुभेंदु के खिलाफ पहले भी हत्या का मामला दर्ज हो चुका था। हालांकि, पुलिस अभी इस जानकारी का सत्यापन कर रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम को जोड़ने और सभी आरोपियों की भूमिका स्पष्ट करने के लिए आगे की जांच में जुटी हुई है