अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को उत्तर प्रदेश में व्यापक स्तर पर विशेष योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। राज्यपाल, मुख्यमंत्री, दोनों उपमुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, विधान परिषद सभापति और सरकार के सभी मंत्रियों ने अपने-अपने निर्धारित स्थानों पर योगाभ्यास कर योग के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झांसी किला मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया और हजारों लोगों के साथ योगाभ्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक पहचान दिलाने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत की सांस्कृतिक विरासत को विश्व मंच पर स्थापित करते हुए 140 करोड़ भारतीयों को गर्व के साथ आगे बढ़ने और विकसित भारत के सपने को साकार करने का मार्ग दिखाया है।
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हर वर्ष विभिन्न राज्यों में जाकर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। उन्होंने झांसी की ऐतिहासिक धरती पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने को अपना सौभाग्य बताया। साथ ही 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने महारानी लक्ष्मीबाई किले के प्रांगण से प्रदेशवासियों, बुंदेलखंड वासियों और देशवासियों को योग दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि लखनऊ में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के नेतृत्व में भी योग दिवस का आयोजन किया गया, जबकि प्रदेश के सभी जिलों, मंडलों, नगर निकायों और पंचायत स्तर तक योग कार्यक्रम आयोजित हुए। उन्होंने इसे भारत की गौरवशाली परंपरा के प्रति सम्मान और जागरूकता का प्रतीक बताया।अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष योग दिवस की थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए योग अत्यंत आवश्यक है। भारतीय संस्कृति में हमेशा से यह माना गया है कि स्वस्थ शरीर के माध्यम से ही जीवन के चारों पुरुषार्थों की प्राप्ति संभव है।उन्होंने कहा कि स्वस्थ छात्र, शिक्षक, किसान, श्रमिक, वैज्ञानिक और नागरिक ही समाज और राष्ट्र की प्रगति का आधार बनते हैं। एक स्वस्थ नागरिक ही मजबूत और समृद्ध राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। मुख्यमंत्री ने सभी लोगों से योग को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।











