यूपी के बांदा में भीषण गर्मी पड़ रही है। हालात ये हैं कि आज (21 जून) भी बांदा देश का सबसे गर्म शहर बन गया

7
Share

यूपी के बांदा में भीषण गर्मी पड़ रही है। हालात ये हैं कि आज (21 जून) भी बांदा देश का सबसे गर्म शहर बन गया है।
यूपी का बांदा आज एक बार फिर देश का सबसे गर्म शहर रहा। बांदा में आज 42.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। दूसरे नम्बर पर प्रयागराज रहा जहां तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
पहले भी हाई लेवल पर पहुंचा था तापमान
पिछले दिनों बांदा में पारा 48.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था और बांदा देश का ही नहीं, दुनिया का सबसे गर्म शहर हो गया था। बांदा में लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए यहां के जिलाधिकारी ने शासन से वैज्ञानिक भेजने का अनुरोध किया था जिसके बाद छ वैज्ञानिकों की टीम बांदा पहुंची है।
वैज्ञानिक बांदा में भूजल के स्तर की जांच करेगी और देखेगी कि गिरते भूजल स्तर से कितना तापमान बढ़ रहा है। इसके अलावा वैज्ञानिक इलाके की नदियों ,पेड़ पौधों का भी अध्ययन करेंगे। वैज्ञानिक इलाके में पेड़ो के कटान के असर की भी जांच करेंगे।
यूपी में पड़ रही गर्मी
यूपी में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है और लोग घरों से निकलने से पहले भी एक बार सोच रहे हैं कि उन्हें निकलना चाहिए या नहीं। जो लोग धूप में बाहर काम करते हैं, उनकी भी हालत खराब है। 21 जून को मौसम विभाग ने ये संभावना जताई थी कि यूपी में मौसम शुष्क रहेगा।
मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के मुताबिक, 22 जून को भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में लू चल सकती है। इसी तरह 24 और 25 जून को पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि 25 जून को पूर्वी यूपी में बारिश हो सकती है। 26 जून को पश्चिमी यूपी और पूर्वी यूपी दोनों ही जगह राहत मिल सकती है और गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है।
यूपी में पड़ रही भीषण गर्मी से बचने के लिए क्या करें?
कोशिश करें कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक (पीक आवर्स) घर से अनावश्यक बाहर न निकलें। अगर निकलना जरूरी हो तो छाता, टोपी, गमछा का इस्तेमाल करें और सिर को ढकें।
गर्मी में भारी और टाइट कपड़े ना पहनें बल्कि हल्के कपड़े पहनें और हल्के रंग के कपड़ों को प्राथमिकता दें।
धूप में नंगे पांव तो बिल्कुल भी ना चलें।
शरीर में पानी की कमी न होने दें और लगातार पानी पीते रहें। ORS घोल, नारियल पानी, नींबू पानी, छाछ, दही या इलेक्ट्रोलाइट युक्त पेय लें।
तरबूज, खीरा, ककड़ी जैसे पानी वाले फल खाएं। चाय, कॉफी, कोल्ड ड्रिंक्स, शराब से बचें।