पंजाब के नवांशहर के एक 19 वर्ष के बेटे ने अमेरिका के टेक्सास में अपने माता-पिता और दादी की गोली मारकर हत्या कर दी है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
अमेरिका के टेक्सास शहर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। वहां एक भारतीय परिवार के तीन लोगों की हत्या हो गई है। परिवार के बेटे ने ही अपने माता, पिता और दादी की सिर में गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी है। युवक का पंजाब के नवांशहर के गांव लखपुर गांव से संबंध होने का पता लगा है। युवक की उम्र मात्र 19 साल होने की बात सामने आई है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।अमेरिका के टेक्सास राज्य के अल्टन शहर में एक ही परिवार के तीन लोगों की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में गौरव चोपड़ा नामक युवक को गिरफ्तार किया गया है। हिडाल्गो काउंटी शेरिफ कार्यालय के अनुसार मृतकों की पहचान 56 वर्षीय स्वीता राम, 46 वर्षीय कमलेश रानी और 73 वर्षीय मिंदर कौर के रूप में हुई है। तीनों की मौत सिर में गोली लगने से हुई।जांच में सामने आया है कि आरोपी गौरव चोपड़ा ने अपने माता-पिता और दादी को गोली मार दी। घटना के दौरान उसने अपने भाई पर भी गोली चलाई, लेकिन वह बाल-बाल बच गया। इसके बाद भाई ने 911 पर कॉल कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पीछा करने के दौरान हुई एक सड़क दुर्घटना में दो अन्य लोग घायल हो गए। दुर्घटनास्थल से एक हैंडगन भी बरामद की गई है।गौरव चोपड़ा पर कई लोगों की हत्या और हत्या के प्रयास के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। अदालत में पेशी के दौरान उस पर कैपिटल मर्डर का मामला दर्ज किया गया और फिलहाल उसे जमानत नहीं दी गई है। शेरिफ एडी गुएरा ने बताया कि हत्या के पीछे के कारणों की जांच जारी है। आरोपी को यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास रियो ग्रांडे वैली (UTRGV) का छात्र बताया गया है।











