उत्तर प्रदेश के नोएडा में जेवर एयरपोर्ट से विमान उड़ने का सपना आज पूरा हो गया

7
Share

उत्तर प्रदेश के नोएडा में जेवर एयरपोर्ट से विमान उड़ने का सपना आज पूरा हो गया है। सोमवार से जेवर एयरपोर्ट से कमर्शियल फ्लाइट की शुरुआत हो गई है। आज सुबह 7 बजकर 58 मिनट इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट लखनऊ से जेवर एयरपोर्ट पहुंची। यहां पहुंचने पर विमान का वाटर जेट से स्वागत हुआ। इसके थोड़ी ही देर बाद सुबह 8 बजकर 19 मिनट पर जेवर से लखनऊ के लिए दूसरे प्लेन ने उड़ान भरी। इसमें नोएडा एयरपोर्ट के लिए जमीन देने वाले 172 किसान शामिल थे। जेवर के बीजेपी विधायक धीरेंद्र सिंह इन किसानों को लेकर लखनऊ रवाना हुए जहां उन्होंने इन किसानों की सीएम योगी से मुलाकात कराई। किसानों से मुलाकात के दौरान सीएम योगी ने इस बात की जानकारी दी कि उन्होंने जेवर एयरपोर्ट के लिए जमीन देने के लिए किसानों को कैसे मनाया था।उत्तर प्रदेश के नोएडा में जेवर एयरपोर्ट का सपना 25 साल पुराना है। इस एयरपोर्ट के निर्माण के लिए शिलान्यास कार्यक्रम 25 नवंबर 2021 को संपन्न हुआ था। इसके करीब 5 साल के बाद 28 मार्च 2026 को जेवर एयरपोर्ट का उद्धाटन किया। वहीं, सोमवार 15 जून की तारीख से जेवर एयरपोर्ट से उड़ान भी शुरू हो गई है। जेवर एयरपोर्ट पर पहली लैंडिंग लखनऊ से नोएडा के विमान की हुई। तो वहीं, एयरपोर्ट से पहला टेकऑफ नोएडा से लखनऊ के विमान का हुआ जिसमें 172 किसानों को ले जाया गया। इन्हीं किसानों ने एयरपोर्ट के लिए जमीन दी थी।सीएम योगी ने कहा- “मुझे याद है जब हमारी कैबिनेट ने जेवर में इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण के लिए प्रस्ताव पारित किया। मैंने गौतमबुद्धनगर के जिलाधिकारी और अन्य अधिकारियों को एक समयसीमा दी कि 100 दिन के भीतर जमीन अधिग्रहण के लिए कार्यवाही शुरू हो जाए। 100 दिन पूरे हो गए लेकिन वहां कोई कार्यवाही नहीं हो पाई। मैं वहां गया और बैठक ली तो उन्होंने कहा कि कोई प्रोग्रेस नहीं। तब मैं वहां गया था और गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय ग्रेटर नोएडा में किसानों के साथ बैठक की थी। मैंने 100 के आस-पास किसानों को बुलाया था। जब मैंने उन्हें कहा कि हम एयरपोर्ट बनाना चाहते हैं तो मुझे सामने से उत्तर मिला कि हम जमीन नहीं देंगे। मैंने कहा देखिए आपको एक घंटे का समय दे रहा हूं, ये एयरपोर्ट आप सभी की तकदीर बदल देगा। मैंने वहां मौजूद बुजुर्गों से बात की और उनसे कहा कि विकास का मॉडल क्या होता है ये दिखाने का समय है। वक्त सबका आता है, बस कुछ बन जाते हैं और कुछ बिखर जाते हैं। अवसर का जो सटीक लाभ लेता है इतिहास उसी का बनता है। जो उस मौके को गंवा देता है वह बिखर जाता है और उसके पास दोबारा कभी अवसर नहीं आता है। आप किसानों ने उस वक्त मुझपर विश्वास किया। इसका परिणाम है कि 13 हजार एकड़ से ज्यादा जमीन जो 4 फेज में एयरपोर्ट बनना है, पहले फेज की कार्रवाई संपन्न होकर आज नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रूप में जेवर ने एक नया इतिहास रच दिया है।”
इस मौके पर सीएम योगी ने कहा- डबल इंजन सरकार जो बोलती है, वह करके दिखाती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की प्रेरणा एवं अन्नदाता किसानों के योगदान का प्रतिफल है कि आज भारत के सबसे अधिक संभावनाओं वाले नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, जेवर से कमर्शियल फ्लाइट का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर हवाई अड्डे के निर्माण हेतु भूमि समर्पित करने वाले किसान बहनों-भाइयों के प्रथम उड़ान से लखनऊ आगमन पर उनका स्वागत कर आत्मीय संवाद किया। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास का अभियान निरंतर आगे बढ़ता रहेगा। प्रदेश वासियों को हृदय से बधाई, जेवर विधान सभा क्षेत्र के माननीय विधायक धीरेन्द्र सिंह जी का धन्यवाद एवं अन्नदाता किसानों का अभिनंदन।