कलबुर्गी के एक स्कूल में क्लास रूम के बीच अचानक छत का प्लास्टर गिर गया, कई छात्राएं घायल

5
Share

कलबुर्गी के एक स्कूल में क्लास रूम के बीच अचानक छत का प्लास्टर गिर गया। इस हादसे में कई छात्राएं घायल हो गई हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
कर्नाटक के कलबुर्गी शहर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक प्री यूनिवर्सिटी कॉलेज की छत का प्लास्टर गिरने से कई छात्राएं घायल हो गई हैं। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि टीचर छात्राओं को पढ़ा रहे थे, तभी अचानक छत से प्लास्टर का बड़ा सा हिस्सा टूटकर गिर गया। घटना के बाद स्कूल में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में छात्राओं ने भागकर जान बचाई। हालांकि इस घटना में घायल छात्राओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। घटना के बाद कांग्रेस विधायक ने भी अस्पताल का दौरान किया और घायलों का हाल जाना। घटना कलबुर्गी शहर में सरकारी प्री यूनिवर्सिटी कॉलेज की बताई जा रही है। यहां क्लास के दौरान छत की प्लास्टर का एक हिस्सा गिरने से 5 छात्राएं घायल हो गईं। कलबुर्गी शहर के सरकारी प्री-यूनिवर्सिटी कॉलेज में यह घटना हुई, जिसमें छात्राएं स्नेहा, शीतल, पूजा और दिव्या घायल हो गईं। जानकारी के मुताबिक जब छात्राएं कॉलेज में पढ़ाई कर रही थीं, तभी ये हादसा हुआ, जिसके बाद छात्राएं क्लास रूम से बाहर आ गईं। आनन-फानन में घायल छात्राओं को GIMS अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं कांग्रेस विधायक अल्लामाप्रभु पाटिल ने अस्पताल का दौरा किया और जांच की मांग की। बताया जा रहा है कि यह इमारत 10 साल के भीतर ही गिर गई। घटना स्टेशन बाज़ार पुलिस थाना क्षेत्र में हुई, जिसके बाद इस सम्बंध में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।ऐसा ही एक मामला ग्रेटर नोएडा वेस्ट में भी देखने को मिला है। यहां एक बहुमंजिला इमारत से प्लास्टर का हिस्सा गिरने का मामला सामने आया। जानकारी के मुताबिक तेज आंधी के चलते 20वी मंजिल से प्लास्टर का हिस्सा नीचे गाड़ी पर जा गिरा, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत यह रही कि उस दौरान वहां पर कोई व्यक्ति नहीं था वरना बड़ा हादसा हो सकता था। घटना रात्रि में हुई लेकिन इस प्लास्टर गिरने से गाड़ी में काफी नुकसान हुआ है और उसकी छत क्षतिग्रस्त हो गई है। घटना के बाद सोसाइटी के लोगों में काफी रोष है, उनका कहना है कि उनसे मोटा मेंटेनेंस चार्ज वसूला जाता है, लेकिन उसके बावजूद भी उनकी जान जोखिम में है।