हरिद्वार में सर्वानंद घाट के पास एक बड़ा हादसा

11
Share

हरिद्वार में सर्वानंद घाट के पास एक बड़ा हादसा हो गया है। यहां देहरादून से दिल्ली जा रही एक निजी बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही बस में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते बस आग का गोला बन गई।
इस बस में चारधाम यात्रा के 35 से 40 तीर्थयात्री सवार थे, जिन्होंने समय रहते बस से कूदकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। ​सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण डीजल लीक होना बताया जा रहा है।
हरिद्वार में जून महीने की शुरुआत में ही एक डबल डेकर बस को तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी थी। इस घटना में बस सड़क किनारे पलट गई थी। इस घटना में एक महिला की मौत हो गई थी और 37 लोग घायल हो गए थे। बस को टक्कर मारने के बाद डंपर एक ढाबे में घुस गया था। बस में कुल 45 यात्री सवार थे, जो गंगा स्नान के लिए हरिद्वार आए थे और राजस्थान लौट रहे थे।इस घटना का सीसीटीवी भी सामने आया था, जिसमें देखा जा सकता है कि एक डंपर, बस को टक्कर मारता है और फिर बस पलट जाती है। डंपर का चालक अपने वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाता और फिर ढाबे में घुस जाता है। पुलिस ने डंपर चालक को पकड़ लिया था और मामले की जांच शुरू कर दी थी। देश में तमाम मौकों पर बसें हादसे का शिकार हुई हैं, जिसमें आग लगने की वजह से बस का जलकर खाक होना कई मौकों पर सामने आया है। ऐसी घटनाओं में तमाम यात्री अपनी जान गंवा चुके हैं। ऐसे में जरूरी है सरकार को बसों में यात्रा को लेकर सख्त नियम बनाने चाहिए और यात्रियों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।