डीके शिवकुमार के साथ ये नेता मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं, जिनमें यतिन्द्र सिद्धरामैया, डॉ. जी. परमेश्वर और यू. टी. खादर जैसे नेता का नाम शामिल है।
कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (KPCC) के अध्यक्ष डीके शिवकुमार बुधवार को शाम 4:05 बजे लोक भवन परिसर में कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। शनिवार को औपचारिक रूप से कांग्रेस विधायक दल (CLP) का नेता चुने जाने के बाद, शिवकुमार अब राज्य की कमान संभालने जा रहे हैं। यह बदलाव वरिष्ठ नेता सिद्धरमैया के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद हुआ है, जिन्हें मंगलवार को पार्टी आलाकमान ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए कांग्रेस कार्य समिति (CWC) का सदस्य नियुक्त कर दिया है।
बुधवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में डीके शिवकुमार के साथ ये नेता मंत्री पद की गोपनीयता की शपथ ले सकते हैं।
संभावित मंत्रियों के नाम और उनकी प्रोफाइल
यतिन्द्र सिद्धरामैया
CM सिद्धरामैया के बेटे हैं।
पेशे से डॉक्टर हैं, पैथोलॉजी विशेषज्ञ हैं।
मैसूरु की वरुणा विधानसभा सीट से पूर्व विधायक रहे हैं। फिलहाल, कर्नाटक की राजनीति में सक्रिय हैं और विधान परिषद (MLC) के सदस्य हैं।
डॉ. जी. परमेश्वर
कर्नाटक कांग्रेस के सबसे प्रभावशाली दलित नेताओं में से एक हैं, जिन्होंने संगठन, सरकार और सामाजिक न्याय की राजनीति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
1989 में कांग्रेस से जुड़े, राजीव गांधी ने KPCC में संयुक्त सचिव बनाया।
मधुगिरी और कोरटगेरे विधानसभा क्षेत्रों से कई बार विधायक चुने गए, जिससे वे कर्नाटक की राजनीति में एक मजबूत जननेता के रूप में स्थापित हुए।
2010 से 2018 तक KPCC अध्यक्ष रहे।
2015 में राज्य के गृह मंत्री बने।
2018 में राज्य के पहले दलित उपमुख्यमंत्री बने।
2023 से अब तक सिद्धारमैया कैबिनेट में गृह मंत्री रहे।
यू. टी. खादर
कर्नाटक के प्रमुख मुस्लिम कांग्रेस नेताओं में से एक हैं, जिन्होंने विधायक, मंत्री और विधानसभा अध्यक्ष के रूप में काम किया है।
2007 में पहली बार मंगलुरु से उपचुनाव जीतकर विधायक बने।
2007, 2008, 2013, 2018 और 2023 में लगातार जीत दर्ज कर दक्षिण कन्नड़ जिले के प्रमुख जननेताओं के रूप में स्थापित हुए।
2013 से 2018 तक हेल्थ मिनिस्टर रहे। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री भी बने।
2023 में कर्नाटक विधानसभा के स्पीकर बनाए गए।











