पीएम मोदी बेंगलुरु में ‘द आर्ट ऑफ लिविंग’ के 45वें वर्षगांठ समारोह में शामिल होंगे और तेलंगाना में कई परियोजनाओं का उद्घाटन

5
Share

पीएम मोदी तीन राज्यों का करेंगे दौरा, तेलंगाना को देंगे बड़ी सौगात, 9,400 करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार से तीन राज्यों के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। वे 10 और 11 मई को कर्नाटक, तेलंगाना और गुजरात का दौरा करेंगे। इस दौरान वह हैदराबाद में लगभग 9,400 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और सोमनाथ मंदिर में सोमनाथ अमृत महोत्सव में भी भाग लेंगे। दो आधिकारिक बयानों में कहा गया है कि पीएम मोदी बेंगलुरु में ‘द आर्ट ऑफ लिविंग’ के 45वें वर्षगांठ समारोह में शामिल होंगे और तेलंगाना में कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री रविवार सुबह, बेंगलुरु में ‘द आर्ट ऑफ लिविंग’ के वर्षगांठ समारोह में भाग लेंगे और वहां मौजूद लोगों को संबोधित करेंगे। वह बेंगलुरु मे स्थित आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर में नव-निर्मित ध्यान मंदिर का उद्घाटन करेंगे, जो आंतरिक शांति व समग्र कल्याण के लिए समर्पित एक ध्यान भवन है। इस दौरान पीएम मोदी ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ की राष्ट्रव्यापी सेवा पहल भी शुरू करेंगे, जिनमें मानसिक कल्याण, ग्रामीण विकास, प्राकृतिक संरक्षण और सामाजिक परिवर्तन पर केंद्रित पूरे वर्ष चलने वाली परियोजनाएं शामिल हैं।
बेंगलुरू का दौरान खत्म होने के बाद वह हैदराबाद जाएंगे और लगभग 9,400 करोड़ रुपये मूल्य की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन व राष्ट्र को समर्पित करेंगे। प्रधानमंत्री इस अवसर पर एक जनसभा को संबोधित करेंगे और इसके बाद हैदराबाद में स्थित सिंधु अस्पताल राष्ट्र को समर्पित करेंगे। पीएम मोदी राष्ट्रीय राजमार्ग-167 को गुडेबेल्लूर से महबूबनगर तक सड़क को चौड़ा करने से जुड़ी परियोजना का भी शिलान्यास करेंगे। यह हैदराबाद-पणजी इकोनॉमिक कॉरिडोर का हिस्सा है। इसकी कुल परियोजना लागत 3,175 करोड़ रुपये से अधिक है। इस परियोजना से यातायात को सुगम और सुरक्षित होगा। यात्रा समय लगभग एक घंटा 30 मिनट कम हो जाएगा और ईंधन खपत व वाहन रखरखाव लागत घटाएगी। यह राजमार्ग तेलंगाना और कर्नाटक के बीच कनेक्टिविटी मजबूत बनाएगा और दोनों राज्यों में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देगा। मोदी सांगरेड्डी जिले में जहीराबाद इंडस्ट्रियल एरिया का शिलान्यास भी करेंगे, जो हैदराबाद-नागपुर इंडस्ट्रियल कॉरिडोर (HNIC) के तहत राष्ट्रीय औद्योगिक कॉरिडोर विकास कार्यक्रम का हिस्सा है। पीएम मोदी तेलंगाना में कई और परियोजनाओं की भी शुरुआत करेंगे। प्रधानमंत्री तेलंगाना के बाद गुजरात के जामनगर पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री 11 मई को पूर्वाह्न 10:15 बजे सोमनाथ मंदिर में सोमनाथ अमृत महोत्सव में भाग लेंगे। बाद में वह वडोदरा जाएंगे, जहां वह शाम छह बजे सरदारधाम छात्रावास का उद्घाटन करेंगे और दोनों जगह जनसभा को संबोधित करेंगे। भारत के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक सोमनाथ में प्रधानमंत्री सोमनाथ अमृत महोत्सव में भाग लेंगे। सोमनाथ अमृत महोत्सव, पुनर्निर्मित मंदिर के उद्घाटन के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। समारोह के दौरान प्रधानमंत्री कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे। वह इस अवसर पर सोमनाथ की समृद्ध विरासत और आध्यात्मिक महत्व की स्मृति में एक स्मारक डाक टिकट और सिक्का भी जारी करेंगे।