यूपी के लखनऊ में स्थित सरोजनीनगर में भव्य भजन संध्या में कन्हैया मित्तल ने भक्तों को मंत्रमुग्ध किया। विधायक राजेश्वर सिंह ने इसे धार्मिक उत्सव बताते हुए राम रथ के बाद श्याम रथ शुरू करने की घोषणा की। कार्यक्रम में भारी भीड़ और भक्ति का माहौल दिखा। उत्तर प्रदेश के लखनऊ में सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में ‘धर्मोत्सव @ सरोजनीनगर’ अभियान के तहत बुधवार, 22 अप्रैल 2026 को नटकुर मैदान में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में देश के सुप्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। शाम 6 बजे शुरू हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और भक्ति रस में डूबे नजर आए। सरोजनीनगर विधानसभा के विधायक राजेश्वर सिंह की मौजूदगी में कन्हैया मित्तल के भजनों पर पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।इस अवसर पर विधायक राजेश्वर सिंह ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा, ‘बोलिए जय श्री राम, जय जय जय श्री राम… यह सरोजनीनगर का धर्मोत्सव है, धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सव है। यहां श्रद्धालुओं और राम भक्तों का सैलाब उमड़ा है। जहां इतनी बड़ी संख्या में राम भक्त एकत्र हों, वह स्थान तीर्थ बन जाता है।’ उन्होंने कन्हैया मित्तल की प्रस्तुति को अद्वितीय और दिव्य बताते हुए सरोजनीनगर को आध्यात्मिक, धार्मिक और सांस्कृतिक राजधानी बनाने का संकल्प दोहराया। राजेश्वर सिंह ने श्रद्धालुओं को खास संदेश देते हुए आगे बताया कि सरोजनीनगर से पिछले 4 वर्षों से राम रथ चलाया जा रहा है, जो लोगों को निशुल्क दर्शन कराता है। उन्होंने कहा कि अब जल्द ही श्याम रथ भी शुरू किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं को खाटू श्याम और मथुरा के दर्शन कराएगा। कार्यक्रम में मौजूद श्रद्धालुओं ने भजनों का आनंद लिया और पूरे आयोजन में उत्साह और आस्था का माहौल देखने को मिला।











