कानपुर में दो बदमाश खुद को पेट्रोलियम कंपनी का अधिकारी बताकर एक घर में घुसे

25
Share

कानपुर में दो बदमाश खुद को पेट्रोलियम कंपनी का अधिकारी बताकर एक घर में घुसे। जांच के बहाने उन्होंने महिला को चकमा देकर घर में से दो सिलेंडर चोरी कर लिया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।शहर में चोरों के निशाने पर अब गैस सिलेंडर आ गए हैं। गोविंद नगर इलाके में दो शातिर बदमाशों ने खुद को पेट्रोलियम कंपनी का अधिकारी बताकर एक घर में से दो गैस सिलेंडर चुरा ले गए। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिससे पुलिस को सुराग मिलने की उम्मीद है। घटना सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे चरण सिंह कॉलोनी की बताई जा रही है। यहां कीर्ति वर्मा निजी स्कूल में शिक्षिका हैं। सोमवार को वह स्कूल गई हुई थीं और उनके भाई विजय भी अपनी नौकरी पर थे। घर में केवल उनकी भाभी सरोजनी और 10 वर्षीय भतीजी मौजूद थीं। इसी बीच दो युवक बाइक पर सवार होकर पहुंचे। बदमाशों ने खुद को पेट्रोलियम कंपनी का अधिकारी बताते हुए कहा कि वे गैस सिलेंडर की नियमित जांच करने आए हैं। सरोजनी को कोई शक नहीं हुआ और उन्होंने दोनों को घर के अंदर आने दिया। बदमाश सीधे किचन में पहुंच गए। उनमें से एक युवक ने रेगुलेटर खोलकर भरे हुए सिलेंडर को बाहर निकाला, जबकि दूसरे ने पास ही रखे खाली सिलेंडर को भी उठा लिया। इसके बाद एक बदमाश ने सिलेंडर तौलने का नाटक शुरू कर दिया और दूसरे ने गैस एजेंसी की रसीद मांग ली। जैसे ही सरोजनी रसीद लेने के लिए कमरे में गईं, दोनों युवक तुरंत दोनों सिलेंडर उठाकर बाइक से भाग निकले। जब तक सरोजनी शोर मचाकर बाहर आईं तो दोनों बदमाश आंखों से ओझल हो चुके थे।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में सिलेंडर ले जाते हुए दोनों टप्पेबाजों की तस्वीरें साफ कैद हुई हैं। वहीं मामले में साउथ कमिश्नरेट में तैनात एडिशनल डीसीपी योगेश कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। पीड़ित परिवार के द्वारा फ़िलहाल अबतक तहरीर नहीं प्राप्त हुई है। तहरीर प्राप्त होते ही मामला दर्ज किया जाएगा। पुलिस को घटना का एक सीसीटीवी प्राप्त हुआ है, जिसमें 2 लोग बाइक पर 2 सिलेंडर रख कर ले जाते हुए नजर आ रहे हैं। तहरीर प्राप्त होते ही इस सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों को पकड़कर जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।