यूपी में कानपुर देहात के सिकंदरा थाना क्षेत्र में महज 500 रुपये के विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया

72
Share

यूपी में कानपुर देहात के सिकंदरा थाना क्षेत्र में महज 500 रुपये के विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां 16 साल के नाबालिग लड़के ने अपने ही 15 वर्षीय दोस्त की चाकू मारकर हत्या कर दी। ये घटना बीते सोमवार की रात करीब 11 बजे एक शादी समारोह के दौरान हुई, इससे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक के परिजन आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मृतक की पहचान सत्यम पुत्र छविराम निषाद के रूप में हुई है जो थाना अमराहट के महेशगंज का रहने वाला था। सत्यम कक्षा 10 का छात्र था। जानकारी के मुताबिक, सत्यम ने करीब तीन महीने पहले अपने दोस्त को उसके जन्मदिन के लिए 500 रुपये उधार दिए थे। लंबे समय तक पैसे वापस न मिलने पर वह लगातार मांग कर रहा था।फिर सोमवार रात सिकंदरा कस्बे के विमला गार्डन में एक शादी समारोह के दौरान दोनों की मुलाकात हुई। छत पर जाकर पैसे को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। इसी दौरान, आरोपी लड़के ने गुस्से में आकर सरेआम सत्यम के पेट में चाकू मार दिया।गंभीर रूप से घायल सत्यम को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरा ले जाया गया, जहां डॉक्टर पवन कुमार ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मौके से 3 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक के पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।क्षेत्राधिकारी प्रिया सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी की तलाश के लिए टीमें गठित की गई थी, उसको पकड़ लिया गया है। हत्याकांड के साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मामले की गहन जांच जारी है। वहीं, ग्रामीणों के अनुसार आरोपी और मृतक सत्यम, दोनों अच्छे दोस्त थे। वे दोनें ही 10वीं के छात्र थे।