उत्तर प्रदेश के अमरोहा जनपद के हसनपुर में एक दरोगा द्वारा जूस के ठेले से जबरन पानी वाले नारियल उठवाकर अपनी कार में भरवाने और ठेले वाले द्वारा मना करने पर उसके साथ मारपीट करने का वीडियो वायरल हो रहा है। इस घटना पर व्यापारियों ने गरीब ठेले वाले के साथ खड़े होकर दरोगा के इस गलत कार्य का जमकर विरोध किया और थाने जाकर भी शिकायत की है। मामला सामने आने के बाद दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया गया है और जांच के आदेश जारी किए गए हैं।जनपद अमरोहा के थाना हसनपुर अंतर्गत अमरोहा रोड पर सड़क किनारे सागर नाम का एक लड़का जूस का ठेला लगाकर अपने भाई बहनों का पालन पोषण करता है। बीते दिन सागर के जूस के ठेले पर कार से एक दरोगा आए और ठेले पर फलों के साथ रखे नारियल दो हमगार्डों से उठवाकर अपनी सफेद रंग की कार में भरवाने लगे सागर ने इतने सारे नारियल ले जाने से मना किया तो उसको कई थप्पड़ भी दरोगा द्वारा मारे गए। ये सब कुछ पास में लगे सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गया।गरीब ठेले वाले लड़के के साथ दरोगा ईशम सिंह के इस कृत्य की सूचना व्यापारियों को लगी तो सब इकठ्ठा होने शुरू हो गए। पास में लगे सीसीटीवी से रिकॉर्डिंग ली गई तो सब कुछ साफ नजर आ गया। दरोगा के इस कृत्य का सीसीटीवी वीडियो और लोगों द्वारा बनाई गई वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल भी किया गया। साथ ही व्यापारी नेता ने दारोगा ईशम सिंह द्वारा गरीब छोटे लड़के सागर के ठेले से जबरदस्ती बिना पैसे दिए नारियल उठाकर ले जाने और मना करने पर उसके साथ मारपीट करने की निंदा करते हुए थाने जाकर थाना प्रभारी से वीडियो दिखाकर शिकायत की और गरीब ठेले वालों फड़ और रेड़ी लगाने वालों के साथ खड़े होकर उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने और धरना प्रदर्शन की चेतावनी भी दी।जूस का ठेला लगाने वाले सागर ने बताया कि “वो आए और नारियल उठाकर ले गए। जब मैंने नारियल छीनने की कोशिश की तो मुझे दो तीन थप्पड़ मारे खींच कर। सब लोग गवाह हैं। दरोगा साहब थे और उनके साथ होमगार्डों ने नारियल भरे। इसी बात पर मारा भी। मुझे कोतवाली ले गए मारने की धमकी दे रहे थे। वहां से छोड़ा तो मैं पैदल आया हूं, जब तक मेरा ठेला ऐसे ही खड़ा रहा। वहां पीटने की धमकी दी और यहां दो तीन थप्पड़ मारे।”जूस के ठेले से दरोगा ईशम सिंह की कार में नारियल रखने वाले दोनों होमगार्डों ने भी कहा कि उन्होंने दारोगा के कहने पर ही नारियल उठाए और उनकी कार में रखे थे। होमगार्डों ने कहा- “हम उनका नाम नहीं जानते। हम तो भर भी नहीं थे। उन्होंने ही भरवाए। ये सामने खड़ा था। मामला तूल पकड़ने के बाद एसपी अमरोहा द्वारा दारोगा को लाइन हाजिर कर जांच के आदेश दिए गए हैं। लेकिन आरोपी दारोगा मीडिया के सामने नहीं आए।इस पूरी घटना को लेकर अमरोहा पुलिस ने X हैंडल पर बताया- “उक्त आरोपों के संबंध में प्रारंभिक जांच में संबंधित उ0नि0 प्रभारी क्रिटिकल कॉरिडॉर टीम हसनपुर द्वारा बताया गया कि दिनांक 11.03.2026 को कस्बा हसनपुर में यातायात को सुचारू रखने हेतु सड़क किनारे अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाकर 48 व्यक्तियों के चालान धारा 34 पुलिस अधिनियम के अंतर्गत किए गए। इसी क्रम में सड़क को अतिक्रमित कर रहे जूस के ठेले को हटाने की कार्यवाही के दौरान ठेला संचालक द्वारा गुस्से में नारियल सड़क पर फेंके जाने से यातायात बाधित हुआ, जिन्हें बाद में हटवाकर पुनः ठेले पर रखवा दिया गया। किंतु वीडियो में नारियल कार में रखे जाना दिख रहा है। प्रकरण की निष्पक्ष कार्यवाही हेतु उ0नि0 को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन स्थानांतरित किया गया है। प्रकरण की समग्रता से जांच हेतु प्रारंभिक जांच क्षेत्राधिकारी हसनपुर को प्रदान की गई है। विभागीय कार्यवाही प्रचलित की गई।”











