अकबरुद्दीन ओवैसी ने रेवंत रेड्डी को योगी आदित्यनाथ जैसा क्यों बताया? कहा- ‘अब मुसलमान चुप बैठने वाला नहीं है’
हैदराबाद: तेलंगाना में AIMIM के नेता अकबरुद्दीन ओवैसी ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की तुलना उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की है। उन्होंने कहा कि दोनों ही मुसलमानों को निशाना बनाते हैं और इनमें कोई फर्क नहीं है। अकबरुद्दीन ने यह बयान एक सभा में दिया, जहां उन्होंने मुसलमानों की बदहाली के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया। इसके बाद BJP और कांग्रेस दोनों ने ओवैसी पर अलग-अलग मुद्दे उठाते हुए पलटवार किया। अकबरुद्दीन के बाद उनके भाई और AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने भी BJP को इजरायल के मुद्दे पर घेरा।
AIMIM ने दावा किया कि तेलंगाना में BJP और कांग्रेस मिले हुए हैं। पार्टी का कहना है कि दोनों पार्टियों में कोई फर्क नहीं है। AIMIM सुप्रीमो के छोटे भाई और विधायक अकबरुद्दीन ओवैसी ने कहा, ‘योगी आदित्यनाथ यूपी में बुलडोजर से घर तोड़ते हैं और रेवंत रेड्डी यहां मस्जिद तोड़ रहे हैं। दोनों के निशाने पर मुसलमान हैं। न इनको हिजाब पसंद है, न दरगाह। जब भी मुसलमानों की बात आती है, दोनों पार्टियां एक हो जाती हैं।’ अकबरुद्दीन ने कांग्रेस पर और भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सिर्फ तेलंगाना में कांग्रेस के दो साल के राज में 6 मस्जिदों पर सरकारी बुलडोजर चला।
अकबरुद्दीन ने इसके बाद बाबरी मस्जिद का जिक्र किया और कहा, ‘मुसलमानों ने अब तक कांग्रेस को हर गुनाह के लिए माफ किया, लेकिन अब बहुत हो चुका। अब मुसलमान चुप नहीं बैठने वाला है।’ उन्होंने मुसलमानों से अपील की कि वे किसी पार्टी पर भरोसा न करें, क्योंकि सारी पार्टियां मुसलमानों को ठगती हैं। उन्होंने कहा, ‘सिर्फ AIMIM ही है, सिर्फ ओवैसी ही हैं, जो मुसलमानों के साथ मजबूती से खड़े होते हैं।’ अकबरुद्दीन के इस बयान पर BJP ने सख्त एतराज जताया। BJP सांसद रघुनंदन राव ने कहा, ‘तेलंगाना का बच्चा-बच्चा जानता है कि ओवैसी ब्रदर्स हमेशा कांग्रेस का सपोर्ट करते हैं। सरकार में भी साथ रहते हैं, लेकिन जनता को गुमराह करने के लिए कांग्रेस को गाली देते हैं।’











