17/18 जनवरी की रात सीतापुर के तालगांव में हुई डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस ने इस गैंग का पर्दाफाश करते हुए कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें चोरी का माल खरीदने वाला एक सुनार भी शामिल है।सीतापुर जनपद के थाना तालगांव इलाके के ग्राम रसूलपुर में हुई सनसनीखेज डकैती की घटना का सीतापुर पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए अंतर्जनपदीय गैंग के 7 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार सात लोगों में चोरी का माल खरीदने वाला एक सुनार भी शामिल है। एसपी अंकुर अग्रवाल के निर्देशन में गठित एसओजी और तालगांप पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली है। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आलोक सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर विनायक भोसले, क्षेत्राधिकारी लहरपुर बृजेश कुमार के नेतृत्व में एसओजी का गठन किया गया था। एसपी ने इस सफलता के लिए पुलिस टीम को 25,000 रुपये पुरस्कार देने का ऐलान किया है।
पुलिस पूछताछ में इन आरोपियों ने कुबूल किया कि उन्होंने 17/18 जनवरी की रात रसूलपुर में एक घर में वारदात करने से पहले पहले इन लोगों ने रेकी की थी। रेकी करने के बाद छत के रास्ते घुसकर हथियारों के बल पर डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। लुटेरों ने घर से 4.50 लाख कैश और लाखों के जेवर लूटे थे। लूट के इन जेवरों को अभियुक्तों ने लहरपुर के एक सुनार वीरेन्द्र को 6.30 लाख में बेच दिया था।अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तर) आलोक सिंह और क्षेत्राधिकारी विनायक भोसले और बृजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बहादुरपुर मोड़ के पास घेराबंदी कर 6 लुटेरों को दबोचा। वहीं, चोरी के जेवर खरीदने वाले सोनार को नहर पटरी के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
अजय यादव (गैंग लीडर एवं हिस्ट्रीशीटर, थाना मानपुर)
ओमकार (थाना रेउसा)
रंजीत (थाना रेउसा)
विजय भार्गव (थाना मानपुर)
पुतान (थाना बिसवां)
सतानन्द (थाना मानपुर)
वीरेन्द्र (सुनार, थाना लहरपुर)
बरामदगी
कैश: ₹4,28,000/- (जेवर बेचकर प्राप्त राशि)
जेवरात: सफेद धातु की कमरपेटी, पीली धातु की मांगबेदी, लॉकेट और मंगलसूत्र।
हथियार: 3 देसी तमंचे (315 बोर), 1 तमंचा (12 बोर), भारी मात्रा में कारतूस
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों के पास से 2 मोटरसाइकिलें, प्लास और बेलचा भी बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अजय यादव थाना मानपुर का शातिर हिस्ट्रीशीटर (HS No. 3647A) है। इस गैंग के खिलाफ सीतापुर और खीरी सहित कई जिलों में लूट व डकैती के दर्जनों मामले दर्ज हैं। वहीं गिरोह के अन्य फरार लोगों की तलाश जारी है। पुलिस की इस सफलता से इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है।











