Share

जम्मू। नए साल के पहले दिन जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर खड़ी सेक्टर में पाकिस्तान की ओर से घुसपैठ का एक नापाक प्रयास सामने आया है। सीमा पार से एक ड्रोन के माध्यम से एक संदिग्ध बैग गिराया गया था।
इस गतिविधि का पता चलते ही नियंत्रण रेखा पर तैनात सतर्क जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सुबह तड़के अन्य सुरक्षा बलों के साथ मिलकर एक तलाशी अभियान शुरू किया। इस संयुक्त अभियान में सेना, एसओजी (स्पेशल आॅपरेशंस ग्रुप) और पुलिस के जवान शामिल थे।
तलाशी अभियान के दौरान, पुलस्त्य नदी में ड्रोन से गिराया गया वह बैग बरामद करने में सफलता मिली। बैग की जांच करने पर उसमें तीन पैकेट मिले। इन पैकेटों में नशीला पदार्थ, गोलियां और एक आईईडी (इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) बरामद हुआ है। बरामद सामग्री की विस्तृत जांच की जा रही है ताकि इसके स्रोत और उद्देश्य का पता लगाया जा सके।
यह घटना उस समय हुई जब सुरक्षा बलों को पहले से ही पाकिस्तान अथवा सीमा पार सक्रिय आतंकी संगठनों की ओर से किसी नापाक हरकत को अंजाम देने की खुफिया जानकारी मिल चुकी थी। इसी इनपुट के चलते सुरक्षा बल पहले से ही उच्च अलर्ट पर थे और सतर्कता बरत रहे थे।
इस सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के कारण ही घुसपैठ की इस कोशिश को नाकाम किया जा सका और एक बड़े खतरे को टालने में मदद मिली। सुरक्षा एजेंसियां इस घटना के पीछे की पूरी साजिश का पता लगाने के लिए गहन जांच कर रही हैं।

By Admin