गृह मंत्री अमित शाह ने घटनास्थल का दौरा किया

41
Share

दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक कार में जबरदस्त धमाका हुआ। इस धमाके में 8 लोगों की मौत हो गई है जबकि 30 लोग घायल हुए हैं। इस घटना के बाद दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है। बताया जाता है कि धमाके के साथ कार धू-धू कर जलने लगी। यह ब्लास्ट लाल किला मेट्रो स्टेशन गेट नंबर 1 के पास हुआ। ब्लास्ट की वजह वहां खड़ी कई गाड़ियां भी आग की चपेट में आ गईं। एसएफएल की टीम और दिल्ली पुलिस के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।

मुंबई में रेलवे ने भी सुरक्षा बढ़ाई
दिल्ली धमाकों के बाद मुंबई में मध्य रेलवे ने सुरक्षा उपाय बढ़ा दिए हैं। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, लोकमान्य तिलक टर्मिनस, दादर, ठाणे, कल्याण जैसे महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों पर रेलवे पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है।

अफवाहों से बचें और शांति बनाए रखें-रेखा गुप्ता
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता एलएनजेपी अस्पताल पहुंचने वाली हैं। उन्होंने भी इस घटना में मारे गए लोगों के प्रति शोक जताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा-‘लाल किले के पास हुई कार विस्फोट की घटना अत्यंत पीड़ादायक और चिंताजनक है। इस दुखद हादसे में जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मैं अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि घायल शीघ्र स्वस्थ हों।प्रभावित लोगों की हर संभव सहायता सुनिश्चित की जा रही है। दिल्ली पुलिस, एनएसजी, एनआईए और एफएसएल की टीमें मिलकर पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हैं। सभी दिल्लीवासियों से निवेदन है कि अफवाहों से बचें और शांति बनाए रखें। कृपया केवल पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करें।

देवेंद्र फडणवीस ने मृतकों के प्रति शोक जताया
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दिल्ली ब्लास्ट की घटना में मारे गए लोगों के प्रति शोक जताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा- दिल्ली के लाल किला के पास हुए विस्फोट की घटना ह्रदयविदारक है। इस दुखद घटना पर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति मिले और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हो।

6 से 7 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया
दिल्ली पुलिस ने 6 से 7 संदिग्ध लोगों को अलग अलग लोकेशन्स से हिरासत में लिया। ब्लास्ट में इन लोगों की क्या भूमिका थी इसे लेकर अभी तक कोई अपडेट्स नहीं दिया गया है।

सलमान के नाम थी गाड़ी
जिस I-20 कार में धमाका हुआ है। वह सलमान नाम के शख्स की थी। पुलिस ने सलमान को हिरासत में लिया है। सलमान ने पूछताछ में बताया कि उसने कार आगे बेच दी थी। अब पुलिस RTO से गाड़ी के असली मालिक की पहचान में जुटी है।

गृहमंत्री अमित शाह ने घटना की जानकारी दी
गृहमंत्री अमित शाह ने घटना की जानकारी देते हुए कहा कि धमाके में आठ लोगों की मौत हुई है। इस दौरान उन्होंने आतंकी हमले की आशंका से इनकार नहीं किया। उन्होंने कहा कि जांच के बाद हमले का तरीका साफ होगा।