5000 की रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा तो स्टेनो ने पकड़ लिया अपना माथा, फूट-फूटकर रोया
सहारनपुर में शिक्षा विभाग में कार्यरत स्टेनो अजय कुमार को एंटी करप्शन टीम ने 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पकड़े जाने के बाद अजय कुमार खुद को संभाल नहीं पाया। उसने अपना माथा पकड़ लिया और थाने में फूट-फूटकर रोने लगा।
यूपी के सहारनपुर जिले से शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार का एक शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां तैनात आशु लिपिक (स्टेनो) अजय कुमार को एंटी करप्शन टीम ने 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के वक्त आरोपी फूट-फूटकर रोने लगा और अपना माथा पकड़कर बैठ गया।
थाना नकुड़ क्षेत्र के गांव तिरपड़ा निवासी स्कूल प्रबंधक ईश्वर चंद ने एंटी करप्शन विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा विभाग का स्टेनो यू-डायस (U-DISE) पोर्टल पर छात्रों का डेटा अपडेट करने के नाम पर उनसे रिश्वत मांग रहा है। साथ ही छात्रों को जानबूझकर इधर-उधर ट्रांसफर कर पैसे वसूले जा रहे हैं।
शिकायत के आधार पर एंटी करप्शन टीम ने प्लान के तहत जाल बिछाया। शुक्रवार को पीड़ित को कैमिकल लगे नोट दिए गए और जैसे ही उसने स्टेनो अजय कुमार को पांच हजार रुपये दिए, टीम ने तुरंत दबिश देकर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। गिरफ्तारी के वक्त स्टेनो के हाथों पर कैमिकल का रंग चढ़ चुका था, जिससे यह साफ हो गया कि उसने रिश्वत ली है। इसके बाद टीम ने उसे सदर बाजार थाने के हवाले कर दिया।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पकड़े जाने के बाद अजय कुमार खुद को संभाल नहीं पाया। उसने अपना माथा पकड़ लिया और थाने में फूट-फूटकर रोने लगा।











