यूपी: लखनऊ में स्कूल वैन में भी सुरक्षित नहीं बच्चियां? ड्राइवर आरिफ ने 4 साल की बच्ची के साथ अश्लील हरकत की; गिरफ्तार
यूपी के लखनऊ में ड्राइवर आरिफ ने 4 साल की बच्ची के साथ अश्लील हरकत की है। मामला लखनऊ के इंदिरा नगर इलाके का है।
लखनऊ: यूपी के लखनऊ से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां स्कूल ले जाते समय वैन चालक ने 4 साल की बच्ची के साथ अश्लील हरकत की है। बच्ची की मां ने स्कूल में प्रबंधक को शिकायत की लेकिन स्कूल प्रशासन की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई।
मामला लखनऊ के इंदिरा नगर इलाके का है। मुंह बंद रखने के लिए आरोपी वैन चालक आरिफ ने बच्ची के घरवालों को धमकाया और मासूम को गायब कराने की धमकी दी। मां की शिकायत पर लखनऊ पुलिस ने प्रबंधक और वैन चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज करते हुए वैन चालक आरिफ को गिरफ्तार किया।
मां ने वैन चालक के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति, दुष्कर्म, पॉक्सो, धमकाने और प्रबंधक के खिलाफ धमकाने का केस दर्ज किया। आरोपी वैन चालक को जेल भेजा गया। पुलिस को मामले में अंदेशा है कि शायद आरोपी पहले भी बच्चियों से ऐसी हरकत करता रहा हो। पुलिस टीम वैन से स्कूल जाने वाली छात्राओं से भी जानकारी जुटाएगी।
इसी साल मई में भी लखनऊ में एक नर्सिंग की छात्रा के साथ दरिंदगी की कोशिश की गई थी। छात्रा के साथ ई-रिक्शा में घिनौना काम करने की कोशिश हुई थी। इस दौरान छात्र ई-रिक्शा से कूद गई थी, जिसके बाद वह बच पाई थी। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
ई-रिक्शे से कूदने की वजह से छात्रा को गंभीर चोटें आईं थीं। पुलिस ने मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। छात्रा बर्लिंगटन चौराहे से टेढ़ी पुलिया जाने के लिए एक ई-रिक्शा में सवार हुई थी।
लखनऊ, यूपी की राजधानी है और यहां पर बच्चियों और महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और अन्य घिनौने काम जैसी वारदातें ये सवाल खड़ा करती हैं कि क्या बदमाशों में पुलिस का कोई खौफ नहीं है?











