UP: संत कबीर नगर के खलीलाबाद में एक ही दिन में 5 लड़के लापता, सभी की उम्र 12 से 13 साल

55
Share

UP: संत कबीर नगर के खलीलाबाद में एक ही दिन में 5 लड़के लापता, सभी की उम्र 12 से 13 साल
चार नाबालिग लड़के एक स्थानीय स्कूल में और एक अन्य लड़का किसी दूसरे स्कूल में पढ़ रहा था। स्कूल से लौटने के बाद दोपहर 3 बजे ये बच्चे अपने घरों से निकले थे। जो देर शाम तक घर नहीं पहुंचे तो परिजन परेशान हो गए।
यूपी के संत कबीर नगर जिले के खलीलाबाद क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों से 5 लड़कों के बुधवार को अपने घरों से लापता होने की घटना से सनसनी फैल गई। कोतवाल पंकज कुमार पांडेय ने गुरुवार को बताया कि 12 से 13 साल के पांच लड़के बुधवार दोपहर को अपने घरों से लापता हो गये और उनके परिजनों ने उन्हें ढूंढने की कोशिश की, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सभी एक साथ हुए लापता
सूचना मिलने पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की तो पता चला कि सभी एक साथ लापता हुए और चार नाबालिग लड़के एक स्थानीय स्कूल में और एक अन्य लड़का किसी दूसरे स्कूल में पढ़ रहा था। बुधवार को स्कूल से लौटने के बाद दोपहर 3 बजे ये बच्चे अपने घरों से निकले थे। जो देर शाम तक घर नहीं पहुंचे तो परिजन परेशान हो गए। सभी ने देर रात्रि पुलिस को तहरीर दी। इसमें एक लड़का गुल्लक तोड़कर पैसे ले गया है।
बच्चों की तलाश में जुटी पुलिस
लापता पांचों नाबालिगों की पहचान उस्का खुर्द निवासी अनुराग यादव (12), तितौवा मुहल्ले के निवासी आजाद (12), किशन शर्मा (13), अनीश चौहान (13) और केरमुवा माफी गांव के रहने वाले यूनुस (13) के रूप में हुई है। पुलिस टीम तेजी के साथ बच्चों की तलाश में जुटी है। सर्विलांस व सीसीटीवी फुटेज की मदद ली जा रही है तथा जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।