पाकिस्तान में आतंकियों ने मचा दिया कोहराम, पुलिस थाने पर किया हमला; बैंकों में लगाई आग

62
Share

 

क्वेटा: पाकिस्तान में आतंकियों ने बड़े हमले को अंजाम दिया है। आतंकी हमला अशांत दक्षिण-पश्चिमी पाकिस्तान में हुआ है। बंदूकों और रॉकेट से लैस कई आतंकवादियों ने पहले एक पुलिस थाने पर हमला कर दिया और फिर 2 बैंकों में आग लगा दी। आतंकियों के हमले में एक लड़के की मौत हो गई है और 9 अन्य लोग घायल हुए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने आंतकी हमले के बारे में जानकारी दी है। एक सरकारी अधिकारी जान मोहम्मद ने बताया कि बलूचिस्तान प्रांत के मस्तुंग जिले में हुए हमलों के दौरान हमलावरों ने आम नागरिकों पर अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसमें एक लड़के की मौत हो गई। मोहम्मद ने कहा कि सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में कुछ आतंकवादी भी मारे गए है।
प्रांतीय सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने कहा कि हमलावरों की तलाश के लिए एक सुरक्षा अभियान शुरू कर दिया गया है। अभी किसी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन प्रतिबंधित बलूच लिबरेशन आर्मी या बीएलए पर शक है। रिंद ने कहा कि बलूच लिबरेशन आर्मी अक्सर बलूचिस्तान समेत अन्य क्षेत्रों में सुरक्षा बलों समेत आम नागरिकों पर हमले करती है।
अमेरिका ने 2019 में बीएलए को आतंकवादी संगठन घोषित किया था। बलूचिस्तान लंबे समय से अलगाववादी समूहों की हिंसा का केंद्र रहा है, जो पाकिस्तान से आजादी की मांग कर रहे हैं। यह प्रांत पाकिस्तानी तालिबान और इस्लामिक स्टेट समूह से जुड़े आतंकवादियों का गढ़ भी माना जाता है।
बलूचिस्तान का क्षेत्रफल कुल पाकिस्तान का 46 फीसदी है। हालांकि, यहां की आबादी 1.5 करोड़ है जो कि पाकिस्तान की कुल आबादी का केवल 6 प्रतिशत है। बलूचिस्तान में 70 फीसदी लोग गरीबी रेखा के नीचे आते हैं। इसके अलावा बलूच लोगों को पाकिस्तान मुख्य रूप से पंजाब क्षेत्र के मुस्लिमों के द्वारा भेदभाव का भी सामना करना पड़ता है। पाकिस्तानी सेना में टॉप पदों पर कभी भी बलूच लोगों की नियुक्ति नहीं की जाती है।