नई दिल्ली/गुवाहाटी, 14 मई (पीआईबी)।केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान 15 से 17 मई तक के तीन दिवसीय पूर्वोत्तर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे असम, मिज़ोरम और नागालैंड में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे तथा कृषि, बागवानी, पशुपालन और ग्रामीण विकास से जुड़ी परियोजनाओं की समीक्षा और उद्घाटन करेंगे।
‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ को लेकर राज्यों से संवाद
श्री चौहान इस यात्रा के दौरान आगामी 29 मई से शुरू हो रहे ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ को लेकर भी राज्यों के साथ संवाद करेंगे, ताकि इस राष्ट्रीय अभियान में राज्यों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा सके। यह अभियान देशभर में कृषि के सतत विकास और किसानों की आय वृद्धि के उद्देश्य से शुरू किया जा रहा है।
यात्रा कार्यक्रम का विवरण:
15 मई – मिज़ोरम और नागालैंड
- मिज़ोरम के थेनज़ॉल स्थित कृषि महाविद्यालय (CoH) के प्रशासनिक व अकादमिक भवन का उद्घाटन
- वृक्षारोपण कार्यक्रम
- नागालैंड के जलुकी स्थित पशु चिकित्सा विज्ञान एवं पशुपालन महाविद्यालय (CVSC & AH) के प्रशासनिक व शैक्षणिक भवन का उद्घाटन
- स्थानीय किसानों से सीधा संवाद
16 मई – असम (काजीरंगा)
- असम के कृषि मंत्री और क्षेत्रीय सांसदों के साथ स्थानीय कार्यक्रमों में सहभागिता
- कृषि क्षेत्र में चल रही योजनाओं की समीक्षा
17 मई – असम (गुवाहाटी)
- गुवाहाटी स्थित श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) से संबंधित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भागीदारी
- माँ कामाख्या देवी मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना
पूर्वोत्तर के समग्र विकास की दिशा में प्रतिबद्धता
श्री चौहान की यह यात्रा पूर्वोत्तर भारत के सर्वांगीण विकास, विशेषकर कृषि, ग्रामीण आजीविका, पशुपालन और बागवानी के सशक्तिकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। वे इस दौरान स्थानीय हितधारकों और किसानों से संवाद कर जमीनी चुनौतियों और समाधान पर भी चर्चा करेंगे।
सरकार की यह पहल यह दर्शाती है कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प के अंतर्गत पूर्वोत्तर राज्यों को राष्ट्रीय मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास तेज़ गति से जारी हैं।











