आतंकवाद के खिलाफ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ देश के दृढ़ संकल्प का प्रतीक : सीएम धामी

75
Share

आतंकवाद के खिलाफ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ देश के दृढ़ संकल्प का प्रतीक : सीएम धामी
प्रधानमंत्री के संबोधन ने भरा देशवासियों में गर्व और आत्मविश्वास

 संवाददाता, देहरादून
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सोमवार को राष्ट्र के नाम दिए गए संदेश को उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आतंकवाद के विरुद्ध देश के अडिग और निर्णायक रुख का प्रतीक बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के माध्यम से भारत ने साफ कर दिया है कि अब आतंकवाद के प्रति कोई नरमी नहीं बरती जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी का आज का संबोधन प्रत्येक भारतीय के मन में गर्व, आत्मबल और आत्मविश्वास का संचार करता है। यह केवल एक घोषणा नहीं, बल्कि भारत की बदलती रणनीति और वैश्विक मंच पर उभरती छवि का स्पष्ट संकेत है।

परमाणु धमकियों को किया खारिज, दिया सशक्त संदेश
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने जिस तरह पाकिस्तान की परमाणु धमकियों को दो टूक शब्दों में खारिज किया है और ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति को दोहराया है, वह दर्शाता है कि नया भारत अब किसी भी आक्रामकता को बिना जवाब नहीं छोड़ता। उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने यह भी दिखा दिया है कि भारत अब सिर्फ सहन करने वाला देश नहीं, बल्कि सटीक और सशक्त प्रतिकार करने वाला राष्ट्र बन चुका है।

भारत आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक दौर में
मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार के नेतृत्व में देश ने आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक दौर में कदम रखा है। उन्होंने कहा कि ऐसे ऑपरेशनों के जरिए न केवल दुश्मनों को कड़ा संदेश दिया गया है, बल्कि देशवासियों के मन में यह विश्वास भी जगाया गया है कि भारत अब हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

उत्तराखण्ड सदैव राष्ट्र सेवा को तत्पर
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड की वीर भूमि ने हमेशा राष्ट्र रक्षा में अग्रणी भूमिका निभाई है। राज्य के नौजवान सेना में जाकर देश की सीमाओं की सुरक्षा करते हैं और अब भी हर संकट की घड़ी में आगे खड़े हैं। प्रधानमंत्री का यह संबोधन उन्हें और अधिक ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान करता है।

राष्ट्रीय एकता का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का भाषण केवल सैन्य रणनीति का परिचय नहीं था, बल्कि यह हर नागरिक को यह संदेश देता है कि हम सबको मिलकर राष्ट्र की सुरक्षा, एकता और अखंडता के लिए काम करना है। उन्होंने कहा कि यह वक्त एकजुट होकर देश के साथ खड़े होने का है।

‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने रचा नया इतिहास, भारत ने दुनिया को दिखाया असली दम
उत्तराखण्ड से लेकर देश के हर कोने में दिखा उत्साह और समर्थन