देहरादून -भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर, भारतीय बंदरगाहों पर पाकिस्तानी जहाजों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। उसने भारतीय जहाजों को पाकिस्तान के बंदरगाहों पर जाने से भी रोक दिया है। नौवहन महानिदेशालय ने कहा है कि पाकिस्तान के झंडे वाले किसी भी जहाज को किसी भी भारतीय बंदरगाह पर आने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
इसने यह भी कहा है कि भारतीय ध्वज वाले जहाज भी पाकिस्तान के किसी भी बंदरगाह पर नहीं जाएंगे। महानिदेशालय ने कहा है कि ये प्रतिबंध तत्काल प्रभाव से और अगले आदेश तक लागू किए गए हैं। यह निर्णय भारतीय परिसंपत्तियों, कार्गो और संबंधित बुनियादी ढांचे की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सार्वजनिक तथा जहाजरानी क्षेत्र के हित में लिया गया है।
इससे पहले आज, भारत ने पाकिस्तान से सभी वस्तुओं के प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष आयात पर भी तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया। विदेश व्यापार महानिदेशालय ने एक अधिसूचना में कहा है कि पाकिस्तान से आने वाले या निर्यात की जाने वाली सभी वस्तुओं के प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष आयात या पारगमन पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाया जाएगा।
यह प्रतिबंध राष्ट्रीय सुरक्षा और सार्वजनिक नीति के हित में लगाया गया है। इस प्रतिबंध के किसी भी अपवाद के लिए सरकार की मंजूरी की आवश्यकता होगी।
भारत ने पाकिस्तान से आने-जाने वाली सभी डाक सेवाओं को भी रोक दिया है। इससे पहले भी भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कई कदम उठाए हैं। इनमें सिंधु जल संधि को निलंबित करना, अटारी सीमा को बंद करना, पाकिस्तानी नागरिकों को निकालना और राजनयिक कर्मचारियों की संख्या कम करना शामिल है।
High angle view of a cargo ship on the move surrounded by deep blue water. 