ओवैसी ने पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफरीदी को बताया जोकर

65
Share

ओवैसी ने पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफरीदी को बताया जोकर, पहलगाम पर की थी टिप्पणी,
पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफरीदी की टिप्पणी से बवाल मच गया है। उनकी इस टिप्पणी के बाद ओवैसी का बयान सामने आया है। ओवैसी ने शाहिद अफरीदी को जोकर बताया है।
छत्रपति संभाजीनगर: पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफरीदी की टिप्पणी से एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी बुरी तरह भड़क गए। जब रिपोर्टर ने ओवैसी से इस बारे में सवाल पूछा तो ओवैसी ने शाहिद अफरीदी को जोकर बताया। ओवैसी ने कहा, ‘वह कौन है? आप मेरे सामने इन जोकरों का नाम क्यों ले रहे हैं?’ ओवैसी का अफरीदी के सवाल पर इस तरह भड़कने का वीडियो भी सामने आया है। ओवैसी ने ये टिप्पणी महाराष्ट्र के संभाजीनगर में की। पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी शाहिद अफरीदी ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था, ‘भारत खुद ही लोगों को मरवाता है और फिर खुद ही कहते हैं कि वो जिंदा हैं।’ अफरीदी ने ये भी कहा था, ‘भारत आरोप लगाने से पहले साबित करे कि इस हमले में पाकिस्तान का हाथ था।’
अफरीदी ने कहा, ‘पाकिस्तान के एम्बेसडर होने के नाते मैं यही कहूंगा कि स्पोर्ट्स डिप्लोमेसी को लेकर मेरा बहुत मजबूत स्टैंड है। इस पर सियासत नहीं होनी चाहिए। पड़ोसी मुल्क हैं, एक-दूसरे का ख्याल रखा जाए। हालांकि मैं यह भी कहूंगा कि जब आतंकी हमला हुआ तो आपने तुरंत पाकिस्तान पर इलजाम लगा दिया। इस तरह से चीजें नहीं होनी चाहिए। इससे आपसी रिश्ते खराब होते हैं। जहां आतंकी हमला हुआ वहां आपके 8 लाख सैनिक हैं। क्यों कोई फौजी लोगों को बचाने नहीं आया। खुद ही ब्लंडर करते हैं, खुद ही लोगो को मरवाते हैं और फिर खुद ही कहते हैं कि वो जिंदा हैं। इस तरह से न करें।’गौरतलब है कि 22 अप्रैल 2025 को कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था। इस आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी। इस हमले के बाद भारत, पाकिस्तान के खिलाफ सख्त रुख अपना रहा है। ऐसे में पाकिस्तान घबराया हुआ है और उसे डर है कि कहीं भारत, पाकिस्तान पर हमला न कर दे।