गर्मी तोड़ रही सारे रिकॉर्ड, देश में 26 जगहों पर तापमान 43 डिग्री के पार पहुंचा, अगले हफ्ते लू चलने की आशंका
गुजरात के कांडला में पारा 45.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दीसा और अहमदाबाद में भी
नई दिल्ली: अप्रैल के महीने में ही इस बार गर्मी ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। देश के तमाम हिस्सों में बेतहाशा गर्मी पड़ने लगी है। गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश में बुधवार को लू चलने के बीच कम से कम 26 मौसम केंद्रों ने अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी है।
अप्रैल में क्यों बढ़ रही गर्मी; क्या है बढ़ते तापमान की वजह? इस साल ज्यादा निकलेगा पसीना
दिल्ली के चार मौसम केंद्रों ने लू की स्थिति आंकी है। गुजरात के कांडला में पारा 45.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस दिन देश में सबसे अधिक तापमान था। राजकोट में अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस, अमरेली में 44.3 डिग्री सेल्सियस और सुरेंद्रनगर में 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तटीय शहर पोरबंदर में पारा असामान्य रूप से 43 डिग्री सेल्सियस तक चला गया जो सामान्य से 8.8 डिग्री अधिक था।











