भारतराष्ट्रीयदेश में लागू हो गया नया वक्फ कानून, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दे दी मंजूरी
देश में लागू हो गया नया वक्फ कानून, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दे दी मंजूरी
वक्फ संशोधन विधेयक को लोकसभा और राज्यसभा से पास कराए जाने के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के पास भेजा गया था। अब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस विधेयक को मंजूरी दे दी है, जो अब कानून की शक्ल ले लेगा।नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वक्फ (संशोधन) विधेयक को शनिवार को मंजूरी दे दी। इसके साथ ही यह विधेयक अब कानून में बदल गया है। बता दें कि लोकसभा और राज्यसभा में इसी हफ्ते इस विधेयक को पारित किया गया था। इस विधेयक के बारे में सरकार ने दावा किया है कि इससे देश के गरीब एवं पसमांदा मुसलमानों एवं इस समुदाय की महिलाओं की स्थिति में सुधाार लाने में काफी मदद मिलेगी। लोकसभा में यह विधेयक बुधवार देर रात जबकि राज्यसभा में यह गुरुवार देर रात पारित हुआ था। इसी के साथ संसद ने वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2025 और मुसलमान वक्फ (निरसन) विधेयक, 2024 को मंजूरी प्रदान कर दी।
मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड का ऐलान
वहीं दूसरी तरफ वक्फ संशोधन विधेयक के खिलाफ ऑल इंडिया मुस्लिम लॉ पर्सनल बोर्ड ने बड़ा ऐलान किया है। बोर्ड का कहना है कि इस विधेयक के खिलाफ अगले सप्ताह से बोर्ड देशव्यापी आंदोलन चलाएगा। इसके लिए कोर्ट से लेकर सड़क तक लड़ाई लड़ी जाएगी। ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने कहा, ‘वक्फ संशोधन बिल को लेकर उसकी तरफ से कानूनी लड़ाई और सड़क पर दोनों तरह की लड़ाई लड़ी जाएगी। इसके लिए अगले सप्ताह से देशव्यापी अभियान चलाया जाएगा। जिलास्तर पर विरोध प्रदर्शन करके गृहमंत्री और राष्ट्रपति तक ज्ञापन पहुंचाए जाएंगे।