नोएडा में डीसीपी ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, गणतंत्र दिवस के मद्देनजर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
डीसीपी ट्रैफिक लाखन सिंह यादव ने कहा कि वाहन चालकों को किसी भी असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्ग विकल्प योजनाओं का पालन करना चाहिए।
नोएडाः गणतंत्र दिवस के मद्देनजर नोएडा में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर डीसीपी नोएडा रामबदन सिंह ने एडीसीपी नोएडा मनीष कुमार मिश्र समेत अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ भीड़भाड़ वाले स्थानों पर फुट पैट्रोलिंग करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उनके द्वारा संदिग्ध प्रतीत हो रहे व्यक्तियों की चेकिंग कराई गयी और थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया कि बैरिकेडिंग लगाकर प्रत्येक संदिग्ध प्रतीत हो रहे वाहन की चेकिंग की जाये। डीसीपी ने सभी पीसीआर व पीआरवी वाहनों को लगातार पैट्रोलिंग पर रहने का निर्देश दिया है।
डीसीपी के साथ एसीपी प्रथम नोएडा प्रवीण कुमार सिंह व पुलिस बल, बीडीडीएस टीम, डॉग स्कॉड टीम थाना सेक्टर-20 व 39 क्षेत्र के अंतर्गत मॉल, मैट्रो स्टेशन व आस-पास के भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पुलिस ने गणतंत्र दिवस के मद्देनजर भारी, मध्यम और हल्के वाहनों सहित मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाने संबंधी ट्रैफिक एडवाइजरी जारी किया है। पुलिस के मुताबिक यह एडवाइजरी 25 जनवरी को रात 10 बजे से लेकर 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस कार्यक्रम के समापन तक प्रभावी रहेगा। इन प्रतिबंधों का उद्देश्य रविवार को गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान सुरक्षा कारणों से मालवाहक वाहनों को दिल्ली में प्रवेश करने से रोकना है।
एडवाइजरी के अनुसार चिल्ला रेड लाइट सीमा से दिल्ली में प्रवेश करने वाले वाहन वहां से यू-टर्न लेंगे और नोएडा, ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे होते हुए अपने गंतव्य की ओर जायेंगे। डीएनडी बॉर्डर से दिल्ली आने वाले वाहन वहां टोल प्लाजा से यू-टर्न ले सकेंगे और नोएडा, ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे एवं आगे ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। कालिंदी कुंज यमुना सीमा से दिल्ली जाने वाले वाहनों का यमुना नदी से पहले अंडरपास चौराहे से मार्ग परिवर्तित कर नोएडा, ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर भेजा जाएगा। इसके अलावा, यमुना एक्सप्रेसवे से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के माध्यम से दिल्ली में प्रवेश करने वाले वाहनों को जीरो प्वाइंट से परी चौक से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और आगे की ओर भेजा जाएगा।











