Share

नई दिल्ली. हरियाणा से दिल्ली के लिए यमुना में कम पानी छोड़े जाने के कारण वजीराबाद बैराज का जलस्तर 6.20 फीट गिर गया है। आलम यह है कि इससे यमुना नदी में टापू दिखाई देने लगा है। इसका असर जल शोधन संयंत्रों पर पड़ा है। इससे शोधित होने वाले पानी की मात्रा में कमी आई है और दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में पेयजल संकट बढ़ गया है।

जल मंत्री आतिशी ने सोमवार आंकड़े जारी करते हुए कहा कि 17 जून 2023 को वजीराबाद का जलस्तर 674.50 फीट था,जबकि 17 जून, 2024 को मात्र 668.30 फीट रह गया है। इसी तरह एक जून 2023 को वजीराबाद का जलस्तर 674.40 फीट था। वहीं, एक जून 2024 को जलस्तर 670.90 फीट दर्ज किया गया।
इससे पहले आतिशी ने सोमवार दोपहर वजीराबाद बैराज और जल शोधक संंयंत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि हरियाणा से कम पानी आने के कारण मुनक नहर में भी पिछले साल के मुकाबले जून माह में कम पानी का स्तर रहा। बैराज से जुड़े वजीराबाद, चंद्रावल और ओखला संयंत्र को पर्याप्त कच्चा पानी न मिलने कारण उनमें पानी उत्पादन कम हो गया है। वजीराबाद संयंत्र में ही उत्पादन 48 एमजीडी तक घटा है।
उन्होंने बताया कि जल बोर्ड के सभी नौ संयंत्रों में सामान्य समय में 1005 एमजीडी पानी का उत्पादन होता है, लेकिन कच्चे पानी की कमी से ये गिरकर 917 एमजीडी पर पहुंच गया है। दरअसल बैराज पर जलस्तर 674.5 फीट होना चाहिए, लेकिन वर्तमान में ये गिरकर 668 फीट पर पहुंच गया है। मुनक नहर से भी 1050 क्यूसेक के बजाय 905 क्यूसेक पानी मिल रहा है।

पर्याप्त पानी छोड़े हरियाणा
जल मंत्री आतिशी ने हरियाणा से अपील करते हुए कहा कि इस भीषण गर्मी में पानी की कमी से दिल्ली के लोग बहुत परेशान है। इस कारण हरियाणा सरकार यमुना में पर्याप्त पानी छोड़े। क्योंकि हरियाणा की ओर से जब तक यमुना में पानी नहीं छोड़ा जाएगा, तब तक दिल्ली में पानी की कमी लगातार बनी रहेगी और लोग परेशान होंगे।

हथिनीकुंड बैराज पर नहीं लगे फ्लो मीटर
जल मंत्री आतिशी ने बताया कि हथिनीकुंड बैराज हरियाणा के अंतर्गत आता है और वहीं से यमुना में पानी छोड़ा जाता है। लेकिन वहां अभी तक फ्लो मीटर नहीं लगे है। इस कारण हरियाणा की ओर से दिल्ली के लिए छोड़े जाने वाले पानी की पैमाइश नहीं हो पाती। ऐसे में हरियाणा का दिल्ली को पर्याप्त मात्रा में पानी भेजने का दावा गलत है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *