Share

नई दिल्ली : भारतीय मूल की नासा अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स तीसरी बार अंतरिक्ष में उड़ान भरने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। वह मंगलवार को बुच विल्मोर के साथ नए अंतरिक्ष यान बोइंग स्टारलाइनर से उड़ान भरेंगी। यह उड़ान यूनाइटेड लॉन्च अलायंस एटलस वी रॉकेट से 7 मई को सुबह 8.04 बजे फ्लोरिडा के केप कैनावेरल स्पेस फोर्स स्टेशन के स्पेस कॉम्प्लेक्स -41 से लॉन्च की जाएगी।

59 वर्षीय विलियम्स नए ह्यूमन-रेटेड अंतरिक्ष यान के पहले मिशन पर उड़ान भरने वाली पहली महिला बनकर इतिहास रचने के लिए तैयार हैं। सुनीता तीसरी बार अंतरिक्ष में उड़ान भरने जा रही हैं। पहली बार उन्‍होंने 2006 में और दूसरी 2012 में उड़ान भरी थी। नासा के अनुसार, सुनीता ने अंतरिक्ष में कुल 322 दिन बिताए हैं।

उन्होंने कहा, जब मैं अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पहुंच जाउंगी, तो यह घर वापस जाने जैसा होगा। सुनीता ने समुद्र के प्रति अपने प्यार के लिए सीएसटी-100 स्टारलाइनर अंतरिक्ष यान का नाम “कैलिप्सो” रखा है। नासा ने एक्‍स डॉट कॉम पर एक पोस्‍ट में कहा, “यह प्रसिद्ध खोजकर्ता जैक्स कॉस्ट्यू के जहाज के संदर्भ में भी है, जिन्होंने इसी नाम के अपने जहाज पर दुनिया भर में यात्रा की थी।”

इस बीच नासा ने प्रक्षेपण के लिए लॉन्च पैड पर अनुकूल मौसम की स्थिति की लगभग 95 प्रतिशत संभावना की भविष्यवाणी की है। क्रू फ्लाइट टेस्ट (सीएफटी) नामक मिशन लगभग 10 दिनों तक चलेगा और स्टारलाइनर प्रणाली की एंड-टू-एंड क्षमताओं का प्रदर्शन करेगा। नासा के प्रशासक बिल नेल्सन ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, कल, बुच विल्मोर और सुनीता सितारों की ओर प्रस्थान करेंगे। 15 फीट (4.56 मीटर) व्यास वाला स्टारलाइनर अंतरिक्ष यान, चार अंतरिक्ष यात्रियों या चालक दल और कार्गो के मिश्रण को ले जाने में सक्षम है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *