Share

“माफियाओं से अखिलेश यादव की रिश्तेदारी,” मुख्तार अंसारी के घर जाने को लेकर केशव प्रसाद का तंज
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि माफियाओं से अखिलेश यादव की रिश्तेदारी है, वे रिश्तेदारी निभावें, हमारी माफियाओं से दुश्मनी है।
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को कहा कि अखिलेश यादव जहां भी जाएंगे वहां या तो कमल खिलेगा या फिर एनडीए गठबंधन जीतेगा। दरअसल, रविवार को केशव प्रसाद मौर्य यूपी के मऊ पहुंचे थे। यहां मौर्य घोसी संसदीय क्षेत्र के उम्मीदवार अरविंद राजभर के समर्थन में सोशल मीडिया वालंटियर सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। मऊ सीट से सुभासपा के अरविंद राजभर एनडीए के कैंडिडेट हैं। बता दें कि भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) भारतीय जनता पार्टी (BJP) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की घटक दल है। “वे रिश्तेदारी निभावें, हमारी माफियाओं से दुश्मनी”
इस दौरान केशव मौर्य ने दावा किया,”जहां भी अखिलेश जाएंगे वहां पर और जहां नहीं जाएंगे वहां पर भी, या तो कमल खिलेगा या फिर एनडीए गठबंधन जीतेगा।” मौर्य ने आरोप लगाया, ‘‘माफियाओं से अखिलेश यादव की रिश्तेदारी है, वे रिश्तेदारी निभावें, हमारी माफियाओं से दुश्मनी है। हम माफिया मुक्त उत्तर प्रदेश बनाए हैं। अपराधी व गुंडे, जमीन पर कब्जा करने वाले, संविधान पर कब्जा करने वाले, अपहरण करने वाले इस प्रकार के जो अपराध करने वाले हैं उनके ऊपर कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है।” उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा रोज अपने उम्मीदवारों को बदल रही है और कांग्रेस को खोजने पर भी प्रत्याशी भी नहीं मिल रहे हैं। मुख्तार अंसारी के घर पहुंचे अखिलेश यादव
बता दें कि समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव रविवार को गाजीपुर जिले के यूसुफपुर मोहम्मदाबाद स्थित दिवंगत गैंगस्टर से राजनेता बने मुख्तार अंसारी के पैतृक आवास पर पहुंचे और परिजनों से अपनी संवेदना प्रकट की। बांदा जेल में बीमार पड़ने के बाद बांदा मेडिकल कालेज में भर्ती कराये गये अंसारी की 28 मार्च की रात दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गयी थी। मुख्तार अंसारी के परिजनों ने उन्हें जेल में जहर देने का आरोप लगाया था। अखिलेश यादव ने मुख्तार अंसारी को श्रद्धांजलि अर्पित की और उन्होंने पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा न्यायाधीश की निगरानी में न्यायिक जांच कराने की मांग की है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *