Share

आज से दो दिन की यात्रा पर पीएम मोदी, करेंगे चार राज्यों का दौरा, देंगे करोड़ों रुपयों की सौगात
प्रधानमंत्री 7 और 8 जुलाई को देश के चार राज्यों के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी समेत 5 शहरों के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे और कई परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार 07 जुलाई से दो दिन की यात्रा पर निकलेंगे। इस दौरान पीएम मोदी छत्तीसगढ़, यूपी, तेलंगाना और राजस्थान का दौरा करेंगे। पीएम मोदी अपनी इस यात्रा के दौरान 36 घंटे में 5 शहरों में करीब एक दर्जन कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इसके साथ ही पीएम इन चार राज्यों को 50 हजार करोड़ रुपये से भी ज्यादा की लगभग 50 परियोजनाओं की सौगात देंगे। अपने दौरे में पीएम रायपुर, गोरखपुर, वाराणसी, वारंगल और बीकानेर में जाएंगे। जहां पीएम मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में रात्रि प्रवास भी करेंगे।
पीएम मोदी सबसे पहले आज सुबह दिल्ली से रायपुर जाएंगे, जहां वह कई परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इनमें रायपुर-विशाखापत्तनम कॉरिडोर के विभिन्न छह लेन खंडों की आधारशिला शामिल है। इसके बाद वह एक सार्वजनिक बैठक में भाग लेंगे। इसके बाद पीएम मोदी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जाएंगे, जहां वह गीता प्रेस के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वह तीन वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। साथ ही गोरखपुर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास की आधारशिला भी रखेंगे।
गोरखपुर में कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री एक संसद की तरह अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचेंगे। यहां वे कई प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे, जिसमें पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन से सोननगर तक डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की नई लाइन, NH56 (वाराणसी-जौनपुर) के 4 लेन चौड़ीकरण का भी लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही पीएम मणिकर्णिका घाट और हरिश्चंद्र घाट के नवीनीकरण का शिलान्यास भी करेंगे।
इन कार्यक्रमों के बाद पीएम यहीं रात्रिप्रवास करेंगे और 8 जुलाई की सुबह को वाराणसी से तेलंगाना के वारंगल के लिए रवाना होंगे। यहां वे नागपुर-विजयवाड़ा कॉरिडोर के प्रमुख खंडों सहित विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। प्रधानमंत्री एनएच-563 के करीमनगर-वारंगल खंड की फोर लेन की आधारशिला भी रखेंगे। इसके बाद, वह वारंगल में एक सार्वजनिक बैठक में भाग लेंगे।
इसके बाद पीएम वारंगल से राजस्थान के बीकानेर जाएंगे, जहां वह कई परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। प्रधानमंत्री अमृतसर जामनगर एक्सप्रेसवे के विभिन्न खंडों को समर्पित करेंगे। वह ग्रीन एनर्जी कॉरिडोर चरण- I के लिए अंतर-राज्य ट्रांसमिशन लाइन भी समर्पित करेंगे। पीएम बीकानेर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास की आधारशिला भी रखेंगे। इसके बाद वे बीकानेर में एक सार्वजनिक बैठक में भाग लेंगे। इसी के साथ पीएम मोदी की दो दिन औरचार राज्यों की यात्रा समाप्त हो जाएगी।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *