Share

ओडिशा के बालासोर जिले में बहानागा रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार को एक भीषण ट्रेन हादसा हो गया। यहां, बहनागा स्टेशन के पास तीन ट्रेनों की आपस में टक्कर हो गई। ओडिशा के मुख्य सचिव प्रदीप जेना ने देर रात बताया कि रेल हादसे में अब तक 207 लोगों की मौत हुई है और 900 से ज्यादा यात्री घायल हुए हैं। फिलहाल मौके पर राहत बचाव कार्य जारी है।

अधिकारियों ने बताया कि हादसा शाम करीब सात बजे हुआ। उन्होंने बताया कि हावड़ा जाने वाली बेंगलुरु-हावड़ा ट्रेन (12864) के कई डिब्बे बालासोर जिले के बहनागा बाजार में पटरी से उतर गए और बगल की पटरियों पर गिर गए। इसके बाद शालीमार-चेन्नई सेंट्रल कोरोमंडल एक्सप्रेस (12841) पटरी से उतरे डिब्बों से टकरा गई। कोरोमंडल एक्सप्रेस के डिब्बे भी पलट गए। अधिकारी ने कहा कि इसके बाद एक मालगाड़ी कोरोमंडल एक्सप्रेस के पटरी से उतरे कुछ डिब्बों से टकरा गई।

मुआवजे का किया एलान
वहीं, हादसे के बाद रेल मंत्रालय ने मुआवजे का एलान किया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों के लिए दो लाख रुपये और मामूली चोटों वाले लोगों के लिए 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

पीएम मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओडिशा के बालासोर जिले में हुई ट्रेन दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बात की और स्थिति का जायजा लिया। पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से ट्रेन हादसे में मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *