Share

विधानसभा में बोले सीएम योगी – ‘हमने वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट दिया तो सपा ने वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’
उत्तर प्रदेश विधानसभा मे बजट पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को गिनवाया तो वहीं वे पिछली सरकारों खासकर सपा सरकार पर जमकर बरसे।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा मे बजट पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सम्बोधन में कहा कि मुझे बजट पर बात रखने का अवसर दिया गया इसके लिए धन्यवाद। कुल 134 सदस्यों ने भाग लिया, विपक्ष के 83, प्रतिपक्ष के 51 सदस्यों ने भाग लिया। आज से 6 साल पहले उत्तर प्रदेश में जनता ने सबका साथ, सबका विश्वास के मूलमंत्र को अंगीकार करके सत्ता परिवर्तन किया।
सीएम योगी ने कहा कि 2017 से 2022 तक सरकार ने कार्य किया, 2022 मे फिर अवसर मिला। वित्त मंत्री ने सर्व समावेशी समग्र विकास की अवधारण आत्मनिर्भर बजट पेश किया। पिछले 6 सालों में प्रदेश का बजट का आकार दोगुना से ज्यादा बढ़ा, 2023 का बजट 6.90 लाख करोड़ का है। योगी ने कहा कि ये उत्तर प्रदेश के आर्थिक विकास, जीडीपी, प्रगति को प्रदर्शित करता है, ये जनविश्वास की एक यात्रा है।
यह सरकार समस्याओं से मुंह मोड़ने वाली नहीं – सीएम योगी
सीएम ने कहा कि सरकार समस्याओं से मुह मोड़ने वाली नहीं, चुनौती स्वीकार करने वाली होनी चाहिए। जो भ्रष्टाचार पर ज़ीरो टोलरेन्स की नीति के साथ काम करे। कल नेता विरोधी दल ने जो कहा उन्हे उत्तर प्रदेश को पिछले पायदान पर धकेलने में अच्छा लग रहा था। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि हम 25 करोड़ जनता के लिए इस सदन में बैठे हैं। कल नेता प्रतिपक्ष कह रहे थे कि आप दावोस गये होते तो पचास लाख करोड़ का निवेश आ जाता, आखिर मान गये न कि निवेश आया है।
हमने जो वादे किए, उसे पूरा कर रहे – योगी आदित्यनाथ
विधानसभा में सीएम योगी ने कहा कि चुनाव के दौरान पार्टी द्वारा जो वादे किए गए उसे निभाया। 130 संकल्प में से 110 संकल्पों के लिए धनराशि की व्यवस्था की गई। इसके लिए 64 हजार 700 करोड़ राशि प्रस्तावित की है। पहले कई घोषणाएं होती थी पर पूरी नहीं होती थी। पिछली सरकारों में विकास बाधित होता था। योजनाओं की घोषणाएं हो जाती थीं लेकिन कभी पूरी नहीं होती थीं। योजनाओं के लिए बजट नहीं दिया जाता था। पूरे प्रदेश में लूटपाट मची हुई थी।
प्रयागराज की घटना पर बोले सीएम योगी
प्रयागराज की घटना पर बोलते हुए सीएम योगी ने कहा कि कल ही वहां के साजिशकर्ता की फोट वायरल हुई थी। इस तस्वीर में आरोपी से अखिलेश यादव हाथ मिला रहे हैं। इस तस्वीर से पूरी कहानी बयां हो रही है। उन्होंने कहा कि आप जाति की बात करते हैं तो क्या प्रयागराज में उमेश पाल की जाति नही थी? सिपाही संदीप निषाद की कोई जाति नही थी क्या, अपने दम पर विधायक बने राजू पाल की कोई जाति नहीं थी क्या?
सपा ने माफियाओं को दिया बढ़ावा – योगी आदित्यनाथ
समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमने प्रदेश के एक-एक जिले का ध्यान रखते हुए वन डिस्ट्रिक वन प्रोडक्ट योजना चलाई, जिससे वहां रोजगार के लाखों अवसर उत्पन्न हुए और गरीबों का आत्मनिर्भर बनाया गया। वहीं पिछली समाजवादी पार्टी सरकार ने प्रदेश को माफियाओं के हवाले करते हुए वन डिस्ट्रिक वन माफिया योजना चलाई और प्रदेश को दंगों, हत्याओं और लूटमार के हवाले कर दिया।
देश की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा उत्तर प्रदेश – सीएम योगी
सीएम योगी ने कहा कि हमारी सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून व्यवस्था, रोजगार, कृषि, महिला सुरक्षा पर ध्यान दिया और इस पर काम किया। हमने प्रदेश में विदेशी निवेश के लिए सुरक्षित माहौल दिया, जिसका परिणाम है कि प्रदेश में विदेशों से करोड़ों रुपयों का निवेश आ रहा है। सीएम योगी ने कहा कि अब वह दिन दूर नहीं जब उत्तर प्रदेश देश की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था में से एक होगा।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *