Share

नोएडा: उत्तर प्रदेश की पुलिस ने हाल के दिनों में अपराधियों पर ताबडतोड़ कार्रवाई की है, और इस चक्कर में कई बार बदमाशों से उसकी मुठभेड़ भी हो जाती है। ऐसी ही एक मुठभेड़ में गौतमबुद्ध नगर में थाना सूरजपुर पुलिस ने शनिवार की शाम एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन उसके 2 साथी मौके से भागने में सफल रहे। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली पैर में लगने से महेंद्र नाम का बदमाश घायल हो गया, जिसके कारण उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, इस बदमाश पर लूटपाट, हत्या और डकैती के 2 दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज हैं। अपर पुलिस उपायुक्त (जोन द्वितीय) विशाल पांडे ने बताया कि थाना सूरजपुर पुलिस को शनिवार की शाम को सूचना मिली कि कुछ बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की नियत से घूम रहे हैं। उन्होंने बताया इस दौरान पुलिस ने बाइक पर सवार 3 बदमाशों को रुकने का इशारा किया, तो बदमाश रुकने के बजाय पुलिस दल पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाते हुए भागने लगे।

पांडे ने बताया कि बदमाशों की इस हरकत पर जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी गोली चलाई। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा चलाई गई गोली महेंद्र पुत्र ओमप्रकाश नामक बदमाश के पैर में लगी है, लेकिन उसके 2 साथी मौके से भागने में सफल रहे। उन्होंने बताया कि घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। अपर उपायुक्त ने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार बदमाश पर कई मामले दर्ज हैं।
‘फरार बदमाशों को तलाश रही पुलिस’
अपर पुलिस उपायुक्त (जोन द्वितीय) ने बताया कि एनकाउंटर में घायल बदमाश के ऊपर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में लूटपाट, हत्या और डकैती के 2 दर्जन से भी ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि इसके फरार साथियों की तलाश पुलिस कर रही है और जल्द ही उनकी भी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *