Share

अयोध्या में राम मंदिर कब तक बनकर तैयार होगा? गृह मंत्री अमित शाह ने बताई तारीख
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने त्रिपुरा में एक रैली को संबोधित करते हुए बताया है कि राम मंदिर कब तक बनेगा। उन्होंने इसकी तारीख के बारे में ऐलान करते हुए राहुल गांधी पर भी निशाना साधा।
सबरूम: अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन रहा है लेकिन ये कब तक बनकर तैयार होगा, इसका भक्तों को बड़ा इंतजार है। ऐसे में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने त्रिपुरा में राम मंदिर की तारीख के बारे में बताया है। उन्होंने कहा है कि राम मंदिर 1 जनवरी 2024 तक बनकर तैयार हो जाएगा। शाह ने ये बात त्रिपुरा में एक रैली को संबोधित करते हुए गुरुवार को कही। गौरतलब है कि राम मंदिर का मुद्दा 1990 से उठ रहा है, जिसके लिए बीजेपी नेता लालकृष्ण आडवाणी ने रथयात्रा भी निकाली थी। पीएम मोदी ने 5 अगस्त, 2020 को राम मंदिर के निर्माण के लिए भूमि पूजन किया था।
त्रिपुरा में शाह ने राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
हालही में राम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने भारत जोड़ो यात्रा के लिए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की तारीफ की थी। इसी बीच शाह ने त्रिपुरा से राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘राहुल बाबा, सबरूम से सुनिए, एक जनवरी 2024 तक भव्य राम मंदिर बनकर तैयार हो जाएगा।’
त्रिपुरा में काफी एक्टिव नजर आ रहे शाह
दक्षिण त्रिपुरा जिले के सबरूम में शाह ने बीजेपी की एक रथयात्रा को हरी झंडी दिखाई। इससे पहले उन्होंने उत्तर त्रिपुरा जिले के धर्मनगर में भी एक रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाई थी। इन रथ यात्राओं का उद्देश्य प्रदेश में इस साल के शुरू में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राज्य सरकार की उपलब्धियों के बारे में जनता को बताना है।
केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने ये भी कहा कि पीएम मोदी के हाथों में देश सुरक्षित है। कश्मीर के पुलवामा में हुए हादसे के दस दिन के भीतर भारतीय सैनिक पाकिस्तान के अंदर गए और सफलतापूर्वक अभियान को अंजाम दिया। गौरतलब है कि 14 फरवरी 2019 को पुलवामा जिले में एक आत्मघाती हमलावर ने सीआरपीएफ (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल) के काफिले को निशाना बनाया था जिसमें 40 जवान मारे गए थे। भारतीय वायु सेना ने इसके बाद 26 फरवरी को पाकिस्तान के बालाकोट में एक आतंकी शिविर पर हमला किया था और उसे नष्ट कर दिया था।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *