Share

मुरादाबाद। मुरादाबाद में बजरंग दल नेता विशाल उर्फ एकॉन रायकोटी की हत्या के आरोपी अतुल पंडित गैंग ने वारदात से पहले जंगल में एक इंस्टाग्राम रील शूट की थी। इसमें अतुल पंडित और उसके साथी एक गाने पर झूमते नजर आ रहे हैं। इसमें गैंग के मेंबर कह रहे हैं..छोटे भाई जिससे हो दिक्कत तू गोली मार दिए..जेल हम काट लेंगे।
मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा में मोहल्ला मनिहारन में रविवार को बजरंल दल के प्रखंड संयोजक विशाल की दिनदहाड़े 2 गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में परिजनों ने सीसीटीवी फुटेज में ट्रेस हुए शूटर बिलाल, हिस्ट्रीशीटर अतुल पंडित और गोलू को नामजद किया था। बिलाल और अतुल पंडित को मंगलवार को हुए एक एनकाउंटर में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। इससे पहले गोलू को पकड़ा था।
वारदात रविवार सुबह करीब 11:30 बजे ठाकुरद्वारा के मोहल्ला मनिहारन में हुई थी। ठाकुरद्वारा के मोहल्ला वाल्मीकि बस्ती निवासी विशाल को पीछे से आए शूटर बिलाल ने 2 गोलियां मारी थीं। घायल विशाल ने काशीपुर अस्पताल जाते वक्त दम तोड़ दिया था। मरने से पहले विशाल ने पसियापुर निवासी बिलाल का नाम लिया था।
पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर बिलाल, उसके आका हिस्ट्रीशीटर अतुल पंडित और गोलू के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वाल्मीकि समाज और व्यापार मंडल के लोग धरना प्रदर्शन कर रहे थे। एसएसपी हेमराज मीणा ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 5 टीमों का गठन किया था।
हत्या की ये वारदात सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई थी। इसमें दिख रहा था कि वारदात के वक्त विशाल अपने एक दोस्त के साथ मोहल्ला मनिहारन की एक गली में जा रहा था। पीछे से बिलाल आया और उसने पास जाकर एक के बाद एक विशाल को दो गोलियां मारीं। एक गोली लगने के बाद विशाल जान बचाकर भागा था, लेकिन दौड़ाकर बिलाल ने उसे एक और गोली मार दी थी। जिससे वह कुछ कदम चल कर ही गिर गया था।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *