तिरंगा फहरा लिया? अब अगले कदम के लिए इंडियन ऑयल ने चलाई ये मुहिम

142
Share

तिरंगा फहरा लिया? अब अगले कदम के लिए इंडियन ऑयल ने चलाई ये मुहिम
इंडियन ऑयल ने ‘Flag Collection Drive’ नाम से एक मुहिम चलाई है जिसके अंतर्गत जो ध्वज अब इस्तेमाल में नहीं है, उसे आप नजदीकी इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर जमा कर सकते हैं।
इंडियन ऑयल के मुताबिक, जो तिरंगे सही हालत में हैं उन्हें संरक्षित कर लिया जाएगा और जो कट-फट गए हैं, सम्मान सहित उनका निपटारा कर दिया जाएगा।
भारत की स्वतंत्रता के 75 साल पूरे होने के मौके पर चलाए गए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को देश के करोड़ों लोगों ने मिलकर सफल बनाया। यह अभियान ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के अंतर्गत चलाया गया था। स्वतंत्रता दिवस के दिन तिरंगे को लेकर लोगों में इस कदर उल्लास पहले शायद ही किसी को देखने को मिला हो। देश के लगभग हर घर में 15 अगस्त को तिरंगा लहरा रहा था। हालांकि अब अगला कदम तिरंगे को पूरी गरिमा के साथ सुरक्षित रखने का है। इसके लिए इंडियन ऑयल ने एक मुहिम चलाई है।
क्या है इंडियन ऑयल की मुहिम?
इंडियन ऑयल ने ‘Flag Collection Drive’ नाम से एक मुहिम चलाई है जिसके अंतर्गत जो ध्वज अब इस्तेमाल में नहीं है, उसे आप नजदीकी इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर जमा कर सकते हैं। बता दें कि कटे-फटे या गंदे तिरंगे को फहराना न सिर्फ इसकी गरिमा के खिलाफ है, बल्कि कानूनन अपराध भी है। ऐसे में आप अपने तिरंगे को इंडियन ऑयल के किसी भी नजदीकी पेट्रोल पंप पर जाकर दे सकते हैं। इंडियन ऑयल के मुताबिक, जो तिरंगे सही हालत में हैं उन्हें संरक्षित कर लिया जाएगा और जो कट-फट गए हैं, सम्मान सहित उनका निपटारा कर दिया जाएगा।
झंडे को मर्यादित ढंग से रखना जरूरी
बता दें कि तिरंगे का इस्तेमाल करने के बाद में उसे मर्यादित तरीके से एकांत में रखना जरूरी है। फ्लैग कोड के मुताबिक, राष्ट्रध्वज का किसी भी दशा में जमीन या पानी से संपर्क नहीं होना चाहिए। अगर तिरंगा कट-फट गया है तो इसे एकांत में जलाकर नष्ट कर देना चाहिए। अगर कोई शख्स तिरंगे का अपमान करते, जलाते, गंदा करते या नियम के विपरीत ध्वजारोहण करते पाया जाता है तो उसे 3 साल की जेल, जुर्माना या दोनों हो सकते हैं। इसलिए किसी भी दशा में ऐसा कोई काम न करें जो राष्ट्रध्वज के अपमान की श्रेणी में आता हो।

 

LEAVE A REPLY