एक और शपथग्रहण: रिकॉर्ड 8वीं बार CM पद की शपथ लेंगे नीतीश, सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले भी काफी पीछे

67
Share

नई दिल्ली. एनडीए सरकार में मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार बुधवार शाम चार बजे एक बार फिर सीएम पद की शपथ लेंगे। नीतीश पहली बार साल 2000 में सात दिन के मुख्यमंत्री बने थे। अगले 22 साल में अब तक वे कुल छह बार सीएम पद की शपथ ले चुके हैं। यानी आज नीतीश कुल आठवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। यह अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है, क्योंकि देश में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले नेता भी इतनी बार शपथ नहीं ले पाए हैं।

इस बीच यह जानना अहम है कि नीतीश कुमार को रिकॉर्ड आठवीं बार शपथ लेने की वजह क्या है? आखिर देश में सबसे लंबे समय तक किसी राज्य की कमान संभालने वाले नेता इस रिकॉर्ड को कैसे नहीं बना पाए? इसके अलावा वे कौन-कौन से मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने पांच बार सीएम पद संभाला है।

नीतीश कुमार पहली बार 3 मार्च 2000 को सीएम बने थे। हालांकि, बहुमत न जुटा पाने की वजह से उन्हें 10 मार्च 2000 को पद से इस्तीफा देना पड़ा था। इसके बाद बिहार में 2005 में हुए चुनाव में नीतीश भाजपा के समर्थन से दूसरी बार मुख्यमंत्री पद पर काबिज हुए। 2010 में हुए विधानसभा चुनाव में एक बार फिर जनता ने नीतीश को ही सीएम बनाया।
2014: हार की जिम्मेदारी ले छोड़ा पद
लोकसभा चुनाव में भाजपा के खिलाफ पार्टी के खराब प्रदर्शन की वजह से उन्होंने सीएम पद से इस्तीफा दे दिया। इस दौरान उन्होंने जीतनराम मांझी को मुख्यमंत्री पद सौंपा। हालांकि, 2015 में जब पार्टी में अंदरुनी कलह शुरू हुई तो नीतीश ने मांझी को हटाकर एक बार फिर खुद सीएम पद ग्रहण किया।

2015: महागठबंधन के साथ दर्ज की जीत
2015 के विधानसभा चुनाव में महागठबंधन (जदयू, राजद, कांग्रेस और लेफ्ट गठबंधन) की एनडीए के खिलाफ जीत के बाद नीतीश कुमार एक बार फिर बिहार के मुख्यमंत्री बने। यह कुल पांचवीं बार रहा, जब नीतीश ने सीएम पद की शपथ ली।
2017: तेजस्वी पर लगे आरोप, महागठबंधन छोड़ एनडीए से जुड़े
राजद और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के खिलाफ लगे भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद नीतीश कुमार ने महागठबंधन से अलग होने का फैसला किया। उन्होंने जुलाई 2017 में ही पद से इस्तीफा दिया और एक बार फिर एनडीए का दामन थाम कर सीएम पद संभाला।

2020: जदयू की कम सीटें, फिर भी बने सीएम
2020 के विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन ने जीत हासिल की। हालांकि, जदयू की सीटें भाजपा के मुकाबले काफी घट गईं। इसके बावजूद नीतीश कुमार ने सीएम पद की शपथ ली। हालांकि, भाजपा में उनके मुख्यमंत्री पद को लेकर लंबे समय तक पसोपेश की स्थिति रही। अब नीतीश ने एनडीए से अलग होने का एलान कर एक बार फिर इस्तीफा दे दिया है।

LEAVE A REPLY