अमरोहा: ट्रक ने बाइक सवार चाची-भतीजे को कुचला, दोनों की मौके पर मौत, परिवार में मचा कोहराम

247
Share

अमरोहा में तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बाइक सवार चाची-भतीजे को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर मौत हो गई। खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एक परिवार में दो मौतों से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने ट्रक और क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया है। ट्रक के अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
यह हादसा गुरुवार की रात अमरोहा कांठ रोड स्थित मिलक छावी स्थित पेट्रोल पंप के पास हुआ। देहात थाना क्षेत्र के सिरसा खुमार में मोहम्मद हनीफ का परिवार रहता है। मोहम्मद हनीफ पाकबड़ा में दर्जी है। उनके परिवार में पत्नी के अलावा पांच बच्चे हैं। तीसरे नंबर का 18 वर्षीय बेटा मोहम्मद हुसैन मदरसे में तालीम हासिल करता था। मोहम्मद हनीफ का छोटा भाई दिलशाद निजी बस चलता है। वह गुरुवार को शादी की बुकिंग पर बस लेकर कांठ गया था। जहां उसकी अचानक तबीयत खराब हो गई। तभी उनके फूफा दिलशाद को अपने घर ले आये और चिकित्सक से उपचार शुरू करा दिया।
दिलशाद की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही मोहम्मद हनीफ का बेटा मोहम्मद हुसैन और उसकी चाची खातून जहां बाइक पर सवार होकर कांठ जा रहे थे। दोनों एक बाइक पर सवार थे। जैसे ही उनकी बाइक मिलक छावी स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंची। तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों चाची-भतीजे की मौके पर मौत हो गई। आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। रोते बिलखते परिजन मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि ट्रक और क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। मोहम्मद हनीफ की तहरीर पर ट्रक के अज्ञात चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपी चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

LEAVE A REPLY