Share

गाजिया लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की संगम विहार कॉलोनी में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब जिम जा रहे एक शख्स को बाइक सवार दो बदमाशों ने गोली मार दी। गोली युवक के सीने में लगी जिससे युवक जहां था वहीं बैठा रह गया।
गाजियाबाद में अपराध रोकने के पुलिस भले ही तमाम दावे करे लेकिन रोजाना शहर में खुलेआम हो रहे वारदात यही बताते हैं कि बदमाशों में पुलिस-प्रशासन का कोई खौफ नहीं है। लोनी में हुई वारदात यही दिखाती है।
शनिवार सुबह-सुबह बाइक सवार दो बदमाशों ने जिम जा रहे युवक को सीने में गोली मार दी। यह खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी मच गई। घायल को पुलिस ने दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।
संगम विहार कॉलोनी में सोनू वर्मा परिवार के साथ रहते हैं। शनिवार सुबह वह घर से कॉलोनी स्थित जिम जा रहे थे तभी रास्ते में बाइक सवार दो बदमाश सोनू के पास आकर रुके और पिस्तौल निकाल कर उन पर गोली चला दी। गोली सीधे उनके सीने में लगी।
घटना के बाद बदमाश मौके से हुए फरार
गोली लगने से सोनू वहीं बैठ गए। बदमाशों के फरार होते ही आसपास के लोग वहां जुट गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सोनू को अस्पताल में भर्ती कराया जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग भी वहां पहुंचे हैं।
पुलिस गली में लगे सीसीटीवी के फुटेज खंगाल रही है, जिससे आरोपियों की पहचान हो सके। लोनी बॉर्डर थाना एसएचओ सचिन कुमार ने कहा कि अभी मामले की जांच चल रही है, जिसके बाद ही पता चल सकेगा कि सोनू को गोली क्यों और किसने मारी। परिजनों की तहरीर आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *