Share

अहमदाबाद. भारतीय क्रिकेट टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए वेस्टइंडीज को दूसरे वनडे में 44 रनों से हरा दिया है। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त भी ले ली है। भारत के 238 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेहमान टीम 46 ओवर में 193 रन पर ही सिमट गई।

मैच की बात करें तो वेस्टइंडीज के कप्तान निकोलस पूरन ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। इसके बाद भारत की शुरुआत निराशाजनक रही। टीम इंडिया ने नौ रन के स्कोर पर कप्तान रोहित शर्मा का विकेट गंवाया और इसके बाद 43 रन के स्कोर पर विराट कोहली और ऋषभ पंत भी पवेलियन लौट गए। हालांकि इसके बाद सूर्यकुमार यादव और केएल राहुल ने मिलकर पारी को संभाला और चौथे विकेट के लिए 91 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। लेकिन राहुल 49 रन के स्कोर पर रनआउट हो गए और इसके बाद भारतीय टीम एक बार फिर से लड़खड़ा गई और 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 237 रन बना पाई। भारत की सूर्यकुमार यादव ने इस दौरान अपना अर्धशतक पूरा किया और सबसे अधिक 64 रन बनाए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत भी खराब हुई। प्रसिद्ध कृष्णा ने एक के बाद एक झटके दिए और मेहमान टीम के शीर्ष क्रम को ध्वस्त कर दिया। देखते-देखते वेस्टइंडीज ने 76 रन के स्कोर पर अपने पांच विकेट गंवा दिए। हालांकि शमार ब्रूक्स (44), अकील हुसैन (34) और ओडीन स्मिथ (24) ने कुछ संघर्ष किया और टक्कर देने की कोशिश की लेकिन वे कुछ खास नहीं कर पाए और पूरी टीम 46 ओवर में 193 रन पर बनाकर ऑलआउट हो गई। भारत की तरफ से प्रसिद्ध कृष्णा ने 9 ओवर में 12 रन देकर चार विकेट झटके।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *