यूपी चुनाव 2022: सपा ने बिजनौर में घोषित किए प्रत्याशी, जिलाध्यक्ष ने की पुष्टि, यहां देखिए पूरी लिस्ट

185
Share

बिजनौर. बिजनौर में सपा-रालोद गठबंधन के प्रत्याशियों का सस्पेंस आखिर गुरुवार को समाप्त हो गया। सपा ने नजीबाबाद, बढ़ापुर, नगीना, धामपुर और नूरपुर पर प्रत्याशी घोषित कर दिए। सभी को सिंबल भी बांट दिए गए। उधर, रालोद ने बिजनौर से डॉ. नीरज चौधरी को सिंबल दे दिया। बिजनौर सीट पर सपा से डॉ. रमेश तोमर भी सिंबल मिलने का दावा कर रहे हैं। चांदपुर सीट की बात करें तो इस पर अभी भी बात नहीं बनी है और अभी तक किसी का नाम यहां से फाइनल नहीं होने का दावा किया जा रहा है।
बिजनौर में आठ विधानसभा सीटें है। यहां पर कुछ दिन पहले केवल नहटौर पर गठबंधन से रालोद ने मुंशीराम पाल को टिकट दिया था। सीटों के बंटवारे की बात करें तो यहां बिजनौर पर रालोद अपना प्रत्याशी उतारने का दावा कर रही थी। गुरुवार को डॉ. नीरज चौधरी को सिंबल भी दे दिया गया। बिजनौर सीट पर ही सपा से टिकट मांग रहे डॉ. रमेश तोमर ने भी सपा का सिंबल मिलने का दावा कर दिया। हालांकि सपा जिलाध्यक्ष ने बिजनौर सीट से सपा का सिंबल किसी को भी मिलने की पुष्टि नहीं की और पार्टी हाईकमान से बात करने की बात कही।
सपा जिलाध्यक्ष राशिद हुसैन ने बताया कि फोन पर पार्टी हाईकमान से बात हुई है। उन्हें बताया गया है कि नजीबाबाद से विधायक हाजी तस्लीम अहमद, बढ़ापुर से कपिल गुर्जर, नगीना से विधायक मनोज पारस, धामपुर से नईमुल हसन, नूरपुर से राम अवतार सैनी को प्रत्याशी बनाया गया है। इन सभी को सिंबल मिलने की बात भी कही जा रही है।

काजला, मुजफ्फरनगर में बदले समीकरण
बिजनौर में उलझा सिंबल का खेल
बिजनौर सीट को लेकर रालोद से डॉ. नीरज चौधरी के टिकट की अधिकारिक घोषणा शाम तक हो गई। उधर, सपा से डॉ. रमेश तोमर ने भी इसी सीट से टिकट मिलने का दावा किया। हालांकि सपा जिलाध्यक्ष राशिद हुसैन का कहना है कि मुझे बिजनौर को लेकर अधिकारिक तौर पर कोई जानकारी नहीं है। अन्य पांच सीटों का मुझे पता है। उधर, रालोद जिलाध्यक्ष अली अदनान ने बताया कि अधिकारिक घोषणा हो चुकी है, डॉ. नीरज चौधरी को रालोद ने प्रत्याशी घोषित कर दिया है।

चांदपुर पर उलझा मामला
चांदपुर सीट को लेकर अभी तक रालोद या सपा किसी ने भी प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। इस सीट पर दोनों ही पार्टियां दावा कर रही थी, इसी कारण अभी तक यह सीट उलझी हुई है। पार्टी सूत्रों की माने तो एक या दो दिन में यहां पर प्रत्याशी घोषित हो जाएगा।

LEAVE A REPLY