Share

अलीगढ़. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले जिले को 7,255 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात दी। 660 मेगावाट की यूनिट के उद्घाटन के साथ ही नौ पारेषण केंद्र व 113 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। 2000 छात्र छात्राओं को स्मार्टफोन और टैबलेट दिए। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सपा सरकार में स्मार्टफोन टैबलेट विद्युत आपूर्ति बाधित होने के चलते चार्ज नहीं हो पाते थे। पिछली सरकार मंहगे दामों पर बिजली देती थी। आज हरदुआगंज तापीय परियोजना के लोकार्पण पर लखनऊ में कुछ लोगों को सपने आ रहे होंगे। भगवान कृष्ण कह रहे होंगे कि जो काम तुम लोग नहीं कर सके वो वर्तमान की प्रदेश की भाजपा सरकार ने कर दिया है।

कंस को पैदा कर जवाहर बाग कांड करा दिया
योगी ने कहा कि सपा सरकार मथुरा गोवर्धन वृंदावन के लिए कुछ नहीं कर पाई, लेकिन कंस को पैदा कर जवाहर बाग कांड करा दिया। सपा सरकार में मथुरा के कोसी में सबसे पहला दंगा हुआ था। मुजफ्फरनगर कांड, अलीगढ़ के विवाद को कौन भूला होगा। आज उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश हो गया है। अलीगढ़ के किसानों के लिए साथा चीनी मिल के पुराना हो जाने के चलते नई चीनी मिल लगाई जाएगी।

कोई कब्जा नहीं करेगा तो बुलडोजर चलाया जाएगा
कहा कि आज कोई किसी की जमीन पर कब्जा नहीं कर सकता है और करेगा तो बुलडोजर चलाया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की सरकार हाईवे बना रही है, एक्सप्रेसवे बना रही है, एयरपोर्ट बन रहे हैं और पावर प्लांट लग रहे हैं। अलीगढ़ में राजा महेंद्र प्रताप के नाम पर राज विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया चुका है। आज गरीबों के लिए मकान बन रहे हैं। 45 लाख गरीबों को आवास दिया गया है। किस तरीके से विकास होता है, यह डबल इंजन की सरकार ने कर दिखाया है।

हमने जो कहा वह करके दिखाया
योगी ने कहा कि कोरोना काल में प्रदेश और देश की सरकार ने लोगों की मदद की। लेकिन कोरोना कॉल के दौरान सपा-बसपा कांग्रेस के बहन-भाई कहीं नहीं दिखे। मैंने प्रदेश के हर जनपद में जाकर जायजा लेकर व्यवस्थाओं को बनाया। हमने जो कहा वह करके दिखाया है। देश से आतंकवाद खत्म करने की बात थी, मोदी जी और अमित शाह जी ने उसे खत्म कर दिया है। 370 को हटाकर कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बना दिया है। राम मंदिर निर्माण करने की हमने बात की थी, उसका भी निर्माण हो रहा है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *