Share

लखनऊ. यूपी चुनाव की तैयारियों को परखने के लिए चुनाव आयोग के अधिकारी तीन दिवसीय यूपी दौरे पर हैं। इस दौरे पर मंगलवार को राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ बैठक के बाद आज मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा, चुनाव आयुक्त राजीव कुमार व अनूपचंद्र पांडेय मंडल व जिला स्तरीय अफसरों के साथ बैठक कर रहे हैं। बैठक में अफसरों से चुनाव की तैयारियों के बारे में बात की गई।
इसके पहले, आयोग ने मंगलवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पुलिस के नोडल अधिकारी एडीजी कानून व्यवस्था और प्र्रवर्तन एजेंसियों के अधिकारियों के साथ विधानसभा चुनाव 2022 की तैयारियों की समीक्षा की। बूथ स्थलों के भौतिक सत्यापन और अधिकारियों के भ्रमण की जानकारी ली। आयोग ने कहा कि तैयारियों में तेजी लाई जाए।
चुनाव आयोग ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से अनुमानित मतदाताओं की संख्या, मतदेय स्थल व मतदान केंद्रों की संख्या, कोविड प्रोटोकाल को लेकर तैयारियों की स्थिति और संवेदनशीलता के बारे में जानकारी हासिल की। कहा, हर बूथ की व्यवस्था को चेक किया जाए। खासकर बिजली की उपलब्धता हर बूथ पर सुनिश्चित होनी चाहिए ताकि ईवीएम, वीवीपैट और सीसीटीवी कैमरे सुचारु रूप से काम कर सकें।
आयोग ने पुलिस विभाग की समीक्षा करते हुए अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार से फोर्स अलाटमेंट के प्लान, फोर्स के मूवमेंट प्लान और केंद्रीय अर्ध सैनिक बल की आवश्यकताओं के बारे में जानकारी हासिल की। आयोग ने विभिन्न अर्ध सैनिक बलों के यूपी में मौजूद अधिकारियों से भी फोर्स की उपलब्धता के बारे में जानकारी हासिल की और पिछले चुनाव के मुकाबले अधिक बल उपलब्ध कराने को कहा।
आयोग ने प्रवर्तन एजेंसियों के अधिकारियों के साथ भी बैठक की। खासकर अवैध शराब की खपत को रोकने और कैश पैसों के मूवमेंट पर खास नजर रखने के लिए कहा गया। बैठक के दौरान कोविड 19 की मौजूदा स्थितियों और आने वाले दिनों के खतरों को देखते हुए तैयारियों के निर्देश दिए गए।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *